चरखी दादरी/बाढड़ा। गांव काकड़ोली हुक्मी निवासी एक बुजुर्ग ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान धूप सिंह (70) के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे के बयान पर बाढड़ा थाना पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
परिजनों ने बताया कि मृतक धूप सिंह की पत्नी और बेटी की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। इस कारण धूप सिंह घर पर अकेला रहकर खेत में आता–जाता था। अकेले रहने के कारण ही वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी कारण शुक्रवार रात धूप सिंह ने खेत में जाकर पेड़ पर फंदा लगा लिया। शनिवार सुबह पड़ोसी खेत पर पहुंचे तो धूप सिंह का शव पेड़ पर लटका मिला।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर एएसआई चंद्रभान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए शव नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। वहां मृतक के भतीजे रविंद्र के बयान पर पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।