चरखी दादरी। बौंद कलां थाना क्षेत्र के सांवड़ गांव में मोटरसाइकिल से पटाखे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक युवक ने गांव के 25 से 30 युवकों पर लाठी-डंडों और फरसों से हमला करने का आरोप लगाया है। हमले में युवक आशीष सोनी, उसका दोस्त सूरज और उसकी मां मीनू घायल हो गए। मीनू के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात शिकायत में कही गई है।
तीनों का भिवानी के सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सांवड़ निवासी आशीष सोनी ने बताया कि 20 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे वह अपनी मां मीनू के साथ घर में बैठा था। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से उनके घर के बाहर बार-बार तेज आवाज में पटाखे बजाकर जाने लगा। आरोप है कि पांच से सात मिनट के अंतराल पर वह चार-पांच बार वहां आया। आशीष ने बाहर निकलकर देखा तो मोटरसाइकिल पर गांव के युवक थे। इसके बाद उसने फोन पर युवक से बात की तो कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। बाद में फोन पर अन्य ने भी गाली-गलौज करते हुए वहां आने की बात कही।
आशीष के अनुसार रात करीब 9:50 बजे वह अपने दोस्त सूरज के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान 25 से 30 युवक लाठी-डंडे और फरसे लेकर पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया। शिकायत के मुताबिक जब आशीष की मां मीनू ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो उसके बाल पकड़ लिए और उसके हाथ पर डंडा मारा। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। बौंद कलां थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।