फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: नागरिक अस्पताल चरखी दादरी में बनेगी 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट

Wed, 07 May 2025 12:19 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल चरखी दादरी में क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए चिह्नित जगह। 
विज्ञापन
हनी सोनी
विज्ञापन

चरखी दादरी। नागरिक अस्पताल की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में विभाग जल्द ही इजाफा करने जा रहा है। इसके लिए अस्पताल परिसर में अब क्रिटिकल केयर यूनिट (नाजुक मरीजों की देखभाल का ब्लॉक) बनाई जाएगी। इसका प्रारूप तैयार कर मुख्यालय भेजा जा चुका है और हरी झंडी मिलते ही आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने बजट में गंभीर मरीजों की सुविधा के प्रत्येक जिला के नागरिक अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद मुख्यालय ने हर जिले से इसके लिए प्रस्ताव मांगे थे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इसके बाद नागरिक अस्पताल में यूनिट बनाने का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा है।
विज्ञापन

दरअसल, क्रिटिकल केयर यूनिट के जरिये नागरिक अस्पताल में गंभीर बीमारी के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की योजना है। इसके लिए अलग से भवन बनाया जाएगा और मरीजों के लिए 50 बेड का प्रबंध रहेगा। इसके बाद गंभीर मरीजों व दुर्घटना में घायलों को नागरिक अस्पताल में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें रोहतक पीजीआई या अन्य जिलों के अस्पतालों में रेफर भी नहीं करना पड़ेगा।

अस्पताल परिसर में यहां बनेगा भवन
क्रिटिकल केयर यूनिट भवन बनाने के लिए नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट के दाहिने तरफ खाली पड़ी जगह चिह्नित की गई है। यहां तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा इसके प्रत्येक तल पर अलग-अलग सुविधा मुहैया रहेगी।

250 बेड का हो जाएगा नागरिक अस्पताल
कुछ माह पहले ही सरकार ने दादरी शहर के नागरिक अस्पताल को 100 से 200 बेड में अपग्रेड किया है। साथ ही क्रिटिकल केयर यूनिट अलग से तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यूनिट बनने के बाद नागरिक अस्पताल में बेड संख्या भी 200 से बढ़कर 250 हो जाएगी। दादरी नागरिक अस्पताल से हर माह में गंभीर स्थिति में 200 से अधिक मरीजों को रोहतक पीजीआई रेफर किया जाता है। कई दफा पीजीआई पहुंचने से पहले ही मरीज दम तोड़ देता है। क्रिटिकल केयर यूनिट बनने पर गंभीर स्थिति के मरीजों को समय पर अपने ही जिले में उपचार मिल जाएगा और उन्हें रेफर करने का झंझट खत्म होगा।



ये मिलेंगी सुविधाएं

क्रिटिकल केयर यूनिट में सड़क हादसे के घायलों, हार्ट अटैक, किडनी फेल संबंधी समस्याओं से ग्रस्त मरीजों के उपचार की तमाम व्यवस्थाएं होंगी। फिलहाल ऐसे मरीजों को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रेफर करना पड़ रहा है। सीसीयू में मरीजों के लिए इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू), आइसोलेशल वार्ड, आइसोलेशन रूम, एमसीएच, हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू), आपातकालीन यूनिट, ऑपरेशन थिएटर, लेबर डिलीवरी और रिकवरी रूम (एलडीआर) की सुविधा होगी।
विज्ञापन


क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा और इसके लिए जगह चिह्नित की जा चुकी है। गंभीर स्थिति के मरीजों को इसका काफी लाभ मिलेगा। प्रयास है कि जल्द से जल्द इस योजना को परवान चढ़ाया जाए। - डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, जिला स्वास्थ्य विभागए चरखी दादरी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें