साबिर मलिक हत्याकांड का नौवां आरोपी भी गिरफ्तार
-डालावास निवासी आरोपी को पुलिस ने कोर्ट से पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया
-27 सितंबर को की गई थी पश्चिम बंगाल निवासी श्रमिक की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/बाढड़ा। पश्चिम बंगाल निवासी साबिर मलिक हत्याकांड में बाढड़ा थाना पुलिस ने नौवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इंद्रवेश उर्फ टिंकू डालावास गांव का रहने वाला है। उसे पुलिस ने न्यायालय में प्रस्तुत कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
27 अगस्त को हंसावास खुर्द में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों की झुग्गियों में हंगामा हुआ था। वहां पहुंचे युवाओं का आरोप था कि प्रवासी परिवार संरक्षित पशु का मांस खाते हैं। इस आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम दोनों पक्षों को थाने ले गई थी। उसके कुछ देर बाद कुछ युवकों ने साबिर मलिक को कबाड़ बेचने के बहाने बुलाया और उसकी डंडों से पिटाई की। कुछ घंटे बाद ही साबिर मलिक का शव भांडवा गांव के पास से बरामद हुआ था।
इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से पांच को रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
वहीं, पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नौवें आरोपी को डालावास से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान इंद्रवेश उर्फ टिंकू के रूप में हुई। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है।
फोटो 06
बाढड़ा थाना पुलिस की गिरफ्त में साबिर मलिक हत्याकांड का नौवां आरोपी। स्रोत : पुलिस विभाग