संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। विकास एवं पंचायत विभाग में लंबे समय बाद हुई ग्राम सचिवों की भर्ती से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। पिछले लंबे समय से काम का दबाव झेल रहे ग्राम सचिवों को अब राहत मिलेगी। जिले में 94 नए ग्राम सचिवों को तैनात किया गया है।
मौजूदा समय में बाढड़ा, चरखी दादरी, बौंदकलां व झोझूकलां में खंड कार्यालय संचालित हैं। यहां ग्राम सचिवों की संख्या नाममात्र होने से एक ग्राम सचिव के कंधों पर पांच से छह गांवों की जिम्मेदारी होने से विकास कार्य धीमी गति से चल रहे हैंं। पुराने समय में नियुक्त ग्राम सचिवों को कंप्यूटर का ज्ञान न होने से अधिकतर योजनाएं निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो पाती हैं।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से चयनित ग्राम सचिवों को गांवों में नियुक्तियां दी जा रही हैं। इससे ग्राम स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वन में तेजी आएगी।
विकास एवं पंचायत विभाग मुख्यालय की ओर से बाढड़ा में 18 ग्राम सचिव, झोझूकलां खंड में 17, बौंदकला ब्लॉक को 10 व दादरी खंड को 26 ग्राम सचिव मिले हैं। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी स्वाति अग्रवाल ने बताया कि बाढड़ा खंड के लिए 18 ग्राम सचिव नियुक्तिपत्र लेकर पहुंचे, जिनको तैनात किया जा रहा है।
फोटो 28
खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय।