महाशिवरात्रि पर कोरोना हिदायतों का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ वीरवार को जिला प्रशासन ने सख्ती बरती। डीसी के आदेशों पर नगर परिषद टीमों ने मंदिरों के बाहर और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अस्पताल में बिना मास्क घूमने वाले लोगों के चालान काटे। इस दौरान पुलिस टीमों ने भी शहर में बिना मास्क गुजरने वाले लोगों पर कार्रवाई की। वीरवार शाम चार बजे तक प्रशासनिक टीमों ने 88 लोगों के चालान कर 44 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
देश और प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन लोग अभी भी सबक नहीं ले रहे। बाजारों में आने वाले लोग कोरोना हिदायतों की अवेहलना कर अपने साथ दूसरों का जीवन में संकट में डाल रहे हैं। इसके चलते वीरवार को जिला प्रशासन ने कार्रवाई करने के लिए विशेष मुहिम में चलाई। शिवरात्रि पर्व पर डीसी राजेश जोगपाल ने नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग को मास्क न लगाने वालों के चालान करने के आदेश दिए। हालांकि डीसी ने स्पष्ट किया कि इससे पहले शहर में मुनादी करवाई जाए। नप सचिव प्रशांत पाराशर ने बताया कि वीरवार को चालान करने के दो टीमें मुनादी के लिए और दो टीमें चालान करने के लिए गठित की गईं। मुनादी करने वाली टीमों में दो-दो तो चालान करने वाली टीमों में चार-चार कर्मचारी शामिल किए गए। सुबह आठ से दस बजे तक मुनादी करवाई गई, तो इसके बाद 11 से दो बजे तक चालान किए गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की दो टीमों ने अस्पताल में बिना मास्क लगाए पहुंचने वाले लोगों के चालान किए। स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को 13 चालान कर साढ़े छह हजार रुपये जुर्माना राशि वसूला।
नप टीम ने किए साढ़े 22 हजार के चालान
सचिव प्रशांत पाराशर ने बताया कि नप टीम की ओर से वीरवार सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक मास्क न लगाने वाले लोगों पर कार्रवाई की गई। प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र में सात, बाला वाला मंदिर क्षेत्र में 13, पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में 8, घिकाड़ा रोड पर 9 और काठमंडी क्षेत्र में आठ लोगों के चालान किए। नप टीमों ने 45 लोगों के चालान कर साढ़े 22 हजार रुपये जुर्माना राशि वसूली।
पुलिस टीमों ने किए 30 चालान, इस माह का आंकड़ा हुआ 466
जिला पुलिस एक से 15 मार्च तक मास्क न लगाने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई कर रही है। इसके तहत वीरवार को 30 लोगों के चालान किए गए। पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि एक से 11 मार्च तक 466 लोगों के चालान पुलिस टीमें कर चुकी हैं। मास्क न लगाने वाले लोगों से जुर्माना के तौर पर 2.33 लाख रुपये जुर्माना राशि वसूली गई है।
मुनादी में यह की अपील
- मंदिर परिसर में सभी शिवभक्त सामाजिक दूरी का ख्याल रखें।
- मास्क पहनकर ही मंदिर में प्रवेश करें और घर जाते ही सैनिटाइजर प्रयोग करें।
- मंदिर में एक जगह पर ज्यादा समय तक खड़ा होकर भीड़ का हिस्सा न बनें।
शिवरात्रि पर्व पर मैंने नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग को मास्क न लगाने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए थे। प्रशासन यह मुहिम अब लगातार जारी रखेगा। लोगों से अपील है कि वे कोरोना संक्रमण को हल्के में न लें और हिदायतों का पालन करते रहें।
राजेश जोगपाल, डीसी