चरखी दादरी। निर्वाचन आयोग के आदेशों पर जिला में एसआईआर का काम तेजी से किया जा रहा है और वीरवार दोपहर 1 बजे तक मतदाता गणना प्रपत्र को डिजिटाइज करने का काम 80 प्रतिशत से भी अधिक पूरा किया जा चुका है। उपायुक्त मनदीप कौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को काम पूरा करने के लिए 12 जुलाई तक का समय दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने इसको लेकर बताया कि एसआईआर के तहत जिला में मतदाता गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जा रहा है। इसके बाद 21 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित होगा और उसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्ति सुनी जाएंगी।
बाढड़ा में 86 प्रतिशत काम पूरा
उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल प्रपत्रों को डिजिटाइज करने का काम तेजी से किया जा रहा है और जिले में 80.30 प्रतिशत प्रपत्र डिजिटाइज हो चुके हैं, जिनमें से दादरी विधानसभा में 74.88 प्रतिशत और बाढड़ा विधानसभा में 86.08 प्रतिशत प्रपत्रों को डिजिटाइज किया गया है। मतदाताओं के पास अब बहुत कम समय बचा है। ऐसे में तुरंत प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करा दें।
नागरिक करें सक्रिय सहयोग
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिक सक्रिय सहयोग करें और बीएलओ की ओर से उपलब्ध कराए गए गणना प्रपत्रों को सही प्रकार से भरकर तत्काल जमा करवाएं ताकि उनका डिजिटाइजेशन किया जा सके।
मतदाता सूची में सत्यापन करना जरूरी
एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन अवश्य करें और आवश्यकता होने पर नाम जोड़ने, संशोधन अथवा अन्य आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी कराए। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज करवाएं तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें।