बस स्टैंड रोड पर भरे पानी से गुजरते लोग।
चरखी दादरी। शहर में सोमवार को करीब 80 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश से जलभराव होने पर लोगों को परेशानी हुई। वहीं, प्रशासन के मानसून सीजन में पानी निकासी के लिए पुख्ता प्रबंधों के दावे भी पानी में बारिश में बहते नजर आए। आधे-अधूरे इंतजामों के चलते देर शाम तक भी कई सड़कों व गलियों से पानी की निकासी नहीं हो पाई।
बता दें कि गत 24 घंटों के दौरान रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से अब आम जन जीवन प्रभावित होने लगा है। स्कूलों में छात्रों की हाजिरी पर भी प्रतिकूल असर पड़ने लगा है। हालांकि बारिश होने के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। सोमवार की बात करें तो दादरी जिले में अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया।
दरअसल, दादरी जिले में रविवार रात को बारिश शुरू हुई जो सुबह करीब 10 बजे तक जारी रही। इसके बाद दोपहर एक बजे बारिश शुरू हुई और करीब 30 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद कुछ देर बारिश रुकी और दोपहर ढाई से साढ़े तीन बजे तक बदरा झमाझम बरसे। इसके बाद तो शहर की सड़कों पर जल स्तर बढ़ गया जबकि गलियां भी जलभराव से अछूती नहीं रही। इस प्रकार शहर व आसपास के भागों में करीब 80 एमएम बारिश हुई है।
यहां हुआ जलभराव
नगर में बस स्टैंड रोड, रोहतक रोड, लोहारू रोड, जांगड़ा मार्केट, नगर परिषद कार्यालय, लोहारू रोड व अन्य भागों में पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई। बाजारों में भी बारिश के दौरान पानी भरा रहा और शाम को भी दुकानदारी फीकी रही।
उमस हुई गायब, रात को होने लगी हल्की ठंड
बारिश के बाद अब वातावरण से उमस गायब हो गई है। रात को तो हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। वैसे भी कहा जाता है कि गूगा नवमी को जाड्या जन्म ले लेता है। अब बारिश की वजह से मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं, चिकित्सकों ने बदलते मौसम से सतर्क रहने की सलाह दी है। इस मौसम में मच्छर भी ज्यादा हैं और शरीर के हार्मोन में भी बदलाव आता है।