चरखी दादरी। भगवान परशुराम चौक से लोहारू चौक तक करीब 2.3 किलोमीटर लंबे व्यस्त मार्ग पर सड़क के बीच बने डिवाइडर की सुरक्षात्मक लोहे की ग्रिल में 75 अवैध कट हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों और संस्थाओं की ओर से सुविधा के लिए ग्रिल काटकर बनाए गए इन रास्तों का इस्तेमाल अब लोग सड़क पार करने के लिए कर रहे हैं।
निर्धारित स्थान से घूमकर जाने के बजाय शॉर्टकट के चक्कर में राहगीर और दुपहिया वाहन चालक सीधे इन कटों से सड़क पार करते हैं। इस मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में अचानक डिवाइडर से निकलकर सड़क पार करने वाले लोगों के कारण वाहन चालकों को कई बार अचानक ब्रेक लगाने या दिशा बदलने की स्थिति बनती है। खासकर व्यस्त समय में यह स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है।
भगवान परशुराम चौक से लोहारू चौक तक बने फोरलेन के बीच डिवाइडर में लोहे की ग्रिल में बनाए गए हैं। इस व्यस्त मार्ग के अधिकांश कट किसी निर्धारित क्रॉसिंग का हिस्सा नहीं हैं। दुकानदारों और संस्थाओं ने अपनी सुविधा के लिए इन्हें काटकर रास्ता बना लिया। धीरे-धीरे इन स्थानों का इस्तेमाल आम आवाजाही के लिए होने लगा। कई कटों पर लोग बिना किसी सुरक्षा के सीधे सड़क के दूसरी ओर जाते दिखाई देते हैं। इन रास्तों से गुजरते समय दूसरी तरफ से आने वाले वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक सड़क पार करने से टक्कर की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद इन कटों को बंद करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही।
बेसहारा पशुओं की आवाजाही भी बढ़ी
डिवाइडर की टूटी ग्रिल ने बेसहारा पशुओं के लिए भी सड़क पार करने का रास्ता खोल दिया है। शहर में घूमने वाले पशु इन कटों से अचानक सड़क के दूसरे हिस्से में पहुंच जाते हैं। इससे वाहन चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता। सबसे ज्यादा जोखिम दुपहिया वाहन चालकों को रहता है। अचानक सामने आए पशु से बचने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने पर चालक सड़क पर गिर सकता है। व्यस्त मार्ग पर पीछे से आ रहे वाहनों के कारण खतरा और बढ़ जाता है।
सुरक्षित क्रॉसिंग की जरूरत
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी स्थान पर वास्तव में सड़क पार करने की आवश्यकता है तो वहां विभाग को नियोजित और सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था करनी चाहिए। निजी स्तर पर काटी गई ग्रिल को दोबारा दुरुस्त कर इन अवैध कटों को बंद किया जाना जरूरी है। 2.3 किलोमीटर के मार्ग पर 75 कट होना सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है। लोगों ने संबंधित विभाग से पूरे मार्ग का निरीक्षण करवाकर कटों को बंद करने, क्षतिग्रस्त ग्रिल की मरम्मत कराने और बेसहारा पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते इन खतरनाक कटों को बंद करना जरूरी है।
वर्सन:
डिवाइडर के बीच बनाए गए अवैध कटों को बंद करवाने के लिए यातायात पुलिस के साथ बैठक की जाएगी, ताकि वो संभावित बंद करने वाले कटों की जानकारी दे सके।-
गुरचरणसिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग।