बौंदकलां। गांव रानीला में एनएच 152 डी के पास हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने एक ट्रक चालक को 701 ग्राम चूरापोस्त के साथ दबोचा है। आरोपी के खिलाफ बौंदकलां पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एसआई शेर सिंह ने बताया कि उनकी टीम रानीला में मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुरुक्षेत्र के गांव निवारसी निवासी सुरजीत ट्रक में चूरापोस्त लेकर नारनौल से आ रहा है। सूचना मिलने पर टीम ने तुरंत रानीला के रेस्ट एरिया में एनएच 152डी पर नाकाबंदी करके वाहनों की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान एक ट्रक रुकवा लिया और चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम सुरजीत निवासी गांव निवारसी बताया। बाद में पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे काबू कर लिया। इसके बाद कराधान निरीक्षक मुकेश कुमार को बतौर राजपत्रित अधिकारी मौके पर बुलाया और उसकी तलाशी ली। लेकिन उसके पास कुछ नहीं मिला। बाद में ट्रक की तलाशी लेने पर आगे के केबिन से एक सफेद पॉलीथिन बरामद हुई और उसमें 701 ग्राम चूरापोस्त मिला।