सब्जी मंडी क्षेत्र में स्पेशल स्टाफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के सब्जी मंडी क्षेत्र में जुआ खेल रहे सात व्यक्तियों को स्पेशल स्टाफ टीम ने दबोचा है। उनके पास से 1,07,800 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ शहर पुलिस थाने में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल रोहित के नेतृत्व में शनिवार को स्पेशल स्टाफ टीम अपराध की रोकथाम के लिए चिड़िया मोड़ पर मौजूद थी। उसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि सब्जी मंडी के बाहर एक होटल में कुछ व्यक्ति रुपये दांव पर लगाकर ताश खेल रहे हैं।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर दबिश दी। टीम होटल में पहुंची तो एक कमरे में सात व्यक्ति जुआ खेलते हुए मिले। आरोपियों को काबू कर पूछताछ की गई और उन्होंने अपनी पहचान सोनू, बालकिशन, सोमबीर, सोमदत्त, दिलबाग, सुनील व भगत सिंह के रूप में बताई। टीम के तलाशी लेने पर मौके से काफी नकदी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस रुपये जब्त कर आरोपियों को थाने ले आई और वहां उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया।