चरखी दादरी। पांच से सात अगस्त तक आयोजित होने वाली जिला स्तरीय बैडमिंटन स्पर्धा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस स्पर्धा के लिए हीरा इंडोर स्टेडियम में विशेष कोर्ट तैयार कराया गया है। मंगलवार को एसोसिएशन पदाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेकर अंतिम रूप दिया।
संरक्षक तिलक जैन, डॉ. बीएन वर्मा, एचसी गोदारा, प्रधान पंकज जैन, वरिष्ठ उप-प्रधान सुरेश गोयल आदि ने बताया कि बैडमिंटन के प्रति जिले के युवाओं का रुझान बढ़ रहा है और इसे देखते हुए यह स्पर्धा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस स्पर्धा में महिला और पुरुष दोनों खिलाड़ी भाग लेंगे।
महासचिव लोकेश गुप्ता ने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर 13, अंडर 15, अंडर 17, अंडर 19 व सीनियर वर्ग के मुकाबले करवाए जाएंगे। इसके अलावा आयुवर्ग 35, 40, 45, 50, 55, 60, 65, 70 के वैटरन मुकाबले भी आयोजित होंगे।