भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने के बाद लिपिकों की सीटें बदली गई हैं। बुधवार को उपायुक्त राजेश जोगपाल ने 65 लिपिकों के नाम व पद रेंडमाइजेशन करते हुए उनको नई नियुक्तियां दीं। इन नियुक्तियों में किसी प्रकार की सिफारिश या राजनैतिक दबाव को न मानते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता को सर्वोपरि रखा गया है। बीस दिन पहले इसी प्रकार डीआईटीएस के ऑपरेटरों को नई सीटों पर कार्यभार दिया गया था।
लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त ने सचिवालय, एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के लिपिकों को रेंडमाइजेशन प्रक्रिया से नई नियुक्तियां दीं। ये सभी लिपिक सोमवार 28 दिसंबर से अपनी नई सीटों का कार्यभार संभालेंगे। सभागार में जिला के दोनों एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, वशंभू राठी, नगराधीश सुरेश कुमार व सभी क्लर्कों की उपस्थिति में प्रोजेक्टर स्क्रीन पर रेंडमाइजेशन से नया कार्यभार आवंटित किया गया।
उपायुक्त राजेश जोगपाल ने कहा कि शासन व्यवस्था आम जनता को सहयोग और बेहतर सेवाएं देने के लिए होती है। जनसेवा के कार्य में कर्मचारी को कोशिश करनी चाहिए कि वह ईमानदारी व पूर्ण निष्ठा से अपने कर्तव्य का निर्वाह करे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुखिया होने के नाते उनका प्रयास रहेगा कि नागरिकों को दादरी, बाढड़ा, बौंद के प्रशासनिक तथा सरकारी कार्यालयों में बेहतर सेवाएं प्राप्त हों।
उपायुक्त ने कहा कि कंप्यूटर स्क्रीन पर कर्मचारियों की सूची डालकर औचक स्थानांतरण की प्रक्रिया इसलिए की गई है जिससे कि सरकारी कार्यप्रणाली में किसी प्रकार का पक्षपात या भेदभाव आम नागरिक को महसूस ना हो। कुछ लोग प्रशासन की कार्यप्रणाली तथा पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रहे थे। अब इस स्थानांतरण प्रक्रिया से स्पष्ट हो गया है कि बिना किसी सिफारिश या पक्षपात के कर्मचारियों को उनका नया कार्यभार दिया गया है।
कर्मचारियों को नियुक्ति अनुसार दिलाई जाएगी ट्रेनिंग : उपायुक्त ने एसडीएम को निर्देश दिए कि भविष्य में इन लिपिकों को उनकी सीटों के अनुरूप कंप्यूटर सॉफ्टवेयर की ट्रेनिंग दिलवाई जाए। उपायुक्त ने कहा कि अगली पोस्टिंग इसी प्रकार से छह माह बाद की जाएगी। इससे पहले कोई शिकायत आएगी तो भी कर्मचारी का स्थानांतरण कर दिया जाएगा। इसलिए सभी कर्मचारी मेहनत और लगन के साथ काम करें। सभागार में उपस्थित कर्मचारियों को दादरी एसडीएम डा. विरेंद्र सिंह, बाढड़ा एसडीएम शंभू राठी और नगराधीश सुरेश कुमार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारी अमित लांबा, उपायुक्त कार्यालय के अधीक्षक सुनील कुमार, शशिकांत भारद्वाज, साधुराम कौशिक, बिपिन, देवेश, राम, आनंद, नरेश कुमार, सुधींद्र, पवन शर्मा, सुमऱ्न देवी, विकास, पवन सांगवान, संजय आदि उपस्थित रहे।