जर्जर हाल में बाढड़ा हलके की गाेपालवास-नावा सड़क। संवाद
- लोक निर्माण विभाग 16.34 किलोमीटर लंबी सड़कों का करवाएगा निर्माण, निविदा प्रक्रिया चढ़ाई सिरे, कार्यादेश जारी करने से पहले मौसम अनुकूल होने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले की सड़कों की बिगड़ती सूरत को संवारने के लिए लोक निर्माण विभाग 14.57 करोड़ रुपये खर्च करेगा। सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मौसम अनुकूल होते ही एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिए जाएंगे। अधिकारियों की मानें तो कार्यादेश जारी होने पर 10 दिन के अंदर एजेंसी काम शुरू कर देगी।
बाढड़ा विधानसभा हलके की 6 सड़कों की हालत लंबे समय से खस्ता बनी हुई है। इन सड़कों पर पड़ने वाले गांवों के लोग और राहगीर विभाग, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से इनका पुनर्निर्माण कराने की मांग कर चुके हैं। अब जाकर यह मांग परवान चढ़ती नजर आ रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मानें तो सड़कों के पुनर्निर्माण की तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। वहीं, 6 सड़कों का निर्माण होने से करीब 20 हजार वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
दरअसल, ये सभी सड़कें मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार बनाई जाएंगी। इनकी कुल लंबाई 16.34 किलोमीटर है। सड़कों के बनने से करीब 15 गांवों को लाभ पहुंचेगा। इसके अलावा, प्रतिदिन गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों की परेशानियां भी कम होंगी।
- 8.11 किलोमीटर लंबी दो सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे 5.30 करोड़
नौसवां से खोरड़ा गांव तक सड़क बनेगी। इसकी लंबाई करीब 4.400 किलोमीटर है। निर्माण पर 2 करोड़ 39 लाख 55 हजार लागत आएगी। इसी प्रकार, गोपालवास-नावा-बीरसिंहवास रोड का भी निर्माण कराया जाएगा। 3.700 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर 2 करोड़ 90 लाख 32 हजार रुपये लागत आएगी। इस प्रकार, 8.11 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण पर करीब 5 करोड़ 30 लाख खर्च होंगे।
- 9.27 करोड़ से बनेंगी ये 4 सड़कें
कपूरी-टिकान कलां से आश्रम तक 1.250 किलोमीटर लंबाई में 75.74 लाख की लागत से सड़क बनाई जाएगी। इसी प्रकार, घसोला से मौड़ी गांव तक 2.660 किलोमीटर लंबाई में सड़क बनेगी। इसके निर्माण पर 2 करोड़ 54 लाख 46 हजार रुपये खर्च होंगे।
दादरी से घसोला तक 1.330 किलोमीटर लंबाई में सड़क निर्माण पर 1 करोड़ 22 लाख 81 हजार रुपये खर्च होंगे। घसोला से दादरी कलियाना रोड का निर्माण 3 किलोमीटर लंबाई में होगा। इस पर लागत 3 करोड़ 75 लाख 37 हजार रुपये आएगी।
वर्सन:
सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अभी बारिश का सीजन होने के कारण कार्य शुरू नहीं करवाया गया है। मौसम अनुकूल होते ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-गुरचरण सिंह, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग