फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: दादरी में 6 तो बाढड़ा में 4 एमएम बारिश दर्ज, 20 हजार एकड़ में ताजा बिजाई पर संकट

Sat, 31 Oct 2026 01:03 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
सरसों की ताजा बिजाई। - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में मौसम में आया बदलाव शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। वीरवार अलसुबह से शुरू हुआ रिमझिम बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। रुक-रुककर हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई। चरखी दादरी में 6 एमएम तो बाढड़ा में 4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण जहां मौसम में ठंडक घुल गई वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
विज्ञापन

जिले में इन दिनों खरीफ फसल कपास, अरहर आदि की कटाई और रबी फसलों की बिजाई का काम चल रहा है। ऐसे में बारिश ने कृषि कार्यों को प्रभावित किया है। खासकर सरसों की हाल ही में बिजाई करने वाले किसानों को नुकसान की आशंका सता रही है। जिले में करीब डेढ़ लाख एकड़ में सरसों की बिजाई होती है। इसमें से करीब 80 प्रतिशत बिजाई हो चुकी है।
इसमें हाल ही में की गई बिजाई पर संकट पैदा हो गया है। इसके अलावा जो पहले बिजाई की गई थी उसमें खरपतवार की समस्या पैदा हो जाएगी। नमी बढ़ने से खरपतवार ज्यादा होगा। दूसरी ओर बारिश के कारण धान की कटाई और झड़ाई का काम भी प्रभावित हुआ है। खेतों में नमी बढ़ने और मौसम खराब रहने के कारण किसानों को फसल समेटने में परेशानी आ रही। जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली थी उन्हें फसल सुखाने और उसकी झड़ाई के लिए अनुकूल मौसम का इंतजार करना पड़ेगा।
विज्ञापन

सरसों की बिजाई प्रभावित होने की आशंका
बारिश की वजह से 20 हजार एकड़ में सरसों की ताजा बिजाई को नुकसान होने की आशंका है। धूप तेज होने पर ऊपरी सतह सूख जाने पर सख्त होकर पपड़ी बन सकती है। उस स्थिति में जमीन के अंदर बीज का अंकुरण तो हो जाता है किंतु ऊपरी सतह सख्त होने की वजह से अंकुर बाहर नहीं निकल पाता है और अंदर ही खत्म हो जाता है। उस स्थिति में दोबारा बिजाई करनी पड़ सकती है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ अतिरिक्त मेहनत भी करनी होगी।
धान की कटाई और झड़ाई पर भी असर
बारिश से धान की कटाई और झड़ाई का काम प्रभावित हुआ है। खेतों में नमी बढ़ने से कटी हुई फसल को सूखने में समय लगेगा। सूखने के बाद ही उसकी सही ढंग से झड़ाई हो सकेगी। जल्दबाजी में की गई झड़ाई से भंडारण में दिक्कत आ सकती है। जिले में धान का रकबा 19 हजार एकड़ है। धान में पिछले सप्ताह हुई ओलावृष्टि से नुकसान हो चुका है। किसान अब पकी फसल की कटाई कर रहे हैं।
-आज से चलेंगी उत्तरी हवाएं, बढ़ेगी ठंडक
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुक्रवार रात को समाप्त हो गया है। मौसम में बदलाव के बाद शुक्रवार से उत्तरी हवाएं चलने की संभावना है। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। सुबह और शाम के समय ठंडक का अहसास बढ़ेगा।
वर्जन
जिले में वीरवार को मौसम बदलाव के साथ-साथ दादरी व बाढड़ा क्षेत्र में बारिश हुई है। 6 व 4 एमएम बारिश होने की वजह से ताजा बिजाई पर पपड़ी बनने की संभावना कम है। इस कारण नुकसान की संभावना कम ही है। जिन किसानों ने बिजाई के समय खरपतवार की स्प्रे कर दी थी उनमें यह समस्या नहीं रहेगी। जिन्होंने नहीं की है उनमें इसकी समस्या रहेगी। - डॉ. चंद्रभान श्योराण, कृषि विशेषज्ञ एवं प्रवक्ता
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें