चरखी दादरी। 29 किलोग्राम डोडा पोस्त की तस्करी मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रदीप रोहतक के करौथा का रहने वाला है और उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान उससे मादक पदार्थ तस्करी को लेकर पूछताछ की जाएगी और पुलिस अगली कड़ी तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
बता दें कि गत पांच अक्तूबर को सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घसोला के समीप से ईको स्पोर्ट्स सवार चार आरोपियों को मादक पदार्थ तस्करी करने पर गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से दो कट्टों में भरा 29 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। आरोपियों की पहचान रानीला निवासी भूपेंद्र, रोहतक के करौथा निवासी अंकुर व नितिन और नूंह के लिहंगा खुर्द निवासी इरसाद के रूप में हुई थी। उनके खिलाफ सदर थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो इस मामले में करौथा निवासी प्रदीप की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए तीन
दिन का रिमांड हासिल किया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।