598 उम्मीदवारों ने मास्क लगाकर दी अंतिम वर्ष की परीक्षा
सुबह और दोपहर की शिफ्ट में आयोजित हुई परीक्षा, बौंदकलां कॉलेज में 84 तो जनता कॉलेज में 400 छात्रों ने दी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी/ बौंदकलां। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी की बीए और बीकॉम के छठे सेमेस्टर की परीक्षा के पहले दिन दोनों शिफ्ट में जिले में 598 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। विद्यार्थी परीक्षा में मास्क लगाकर बैठे। इस दौरान सामाजिक दूरी और सैनिटाइजर का ध्यान रखा गया। बौंदकलां राजकीय महाविद्यालय में 84, जनता कॉलेज में 400 और एपीजे कॉलेज में 150 छात्राओं ने परीक्षा दी।
बौंदकलां महाविद्यालय के मुख्य केंद्र अधीक्षक डॉ. अर्चना कुमारी और परीक्षा केंद्र अधीक्षक रोशनलाल ने बताया कि सुबह की शिफ्ट में 10 बजे से 12 बजे तक बीए के अंतिम सेमेस्टर के डिफेंस स्टडीज विषय के 47, संस्कृत के 18 और इकोनॉमिक्स विषय में 4 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसके अलावा नौ विद्यार्थी गैर हाजिर रहे। शाम की शिफ्ट में दोपहर ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक बीकॉम छठे सेमेस्टर का टैक्सन एड लॉ विषय के 26 विद्यार्थियों में से 24 ने परीक्षा दी। दो परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
जनता कॉलेज में सुबह की शिफ्ट में 100 और शाम की शिफ्ट में 300 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। एपीजे महिला महाविद्यालय में सुबह की शिफ्ट में 40 और शाम की शिफ्ट में 74 छात्राओं ने परीक्षा दी। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं के लिए मास्क और सेनिटाइजर की व्यवस्था भी की गई। सीटिंग प्लान में भी इस बार फेरबदल किया गया। एक कमरे में 40 परीक्षार्थियों की जगह 20 ही बैठाए गए। दो गज की दूरी की पालना भी परीक्षा केंद्रों पर की गई।
-------------------
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा आरंभ होने से पहले सभी परीक्षार्थियों की थर्मल स्कीनिंग की गई। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश मिला। दोनों शिफ्टों में चार बार परीक्षा केंद्रों को सेनिटाइज करवाया गया। एक बार परीक्षा शुरू होने से पहले तो दूसरी बार परीक्षा खत्म होते ही कमरों को सैनिटाइज करवाया गया। बौंदकलां परीक्षा केंद्र के एक कमरे में 12 परीक्षार्थियों को ही बैठाया गया।
------------------
फोटो 11
छात्र की थर्मल स्क्रीनिंग करते हुए।
फोटो 12
जनता कॉलेज में परीक्षा देते छात्र।