खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कार्यालय।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र राशन कार्डधारकों अब प्रति राशनकार्ड 2 लीटर सरसों तेल के बजाय यूनिट यानी परिवार के सदस्यों की संख्या के आधार पर तेल दिया जाएगा। इस संदर्भ में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय की ओर से अक्तूबर महीने की सरसों तेल की एलोकेशन जारी कर दी है।
विभागीय पत्र के अनुसार चरखी दादरी जिले के 75,265 राशन कार्डधारक परिवारों के लिए सरसों के तेल का आवंटन किया गया है। पत्र के अनुसार, अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणी के पात्र परिवारों को अक्टूबर महीने में फोर्टिफाइड सरसों तेल उपलब्ध करवाया जाएगा। एक से दो सदस्यों वाले परिवारों को 500 एमएल, जबकि तीन से छह सदस्यों वाले परिवारों को 1.5 लीटर तेल देने का प्रावधान किया गया है। जबकि पहले प्रत्येक राशनकार्ड पर 2 लीटर सरसों तेल दिया जाता था।
विभाग ने तेल की कीमत भी निर्धारित की है। पात्र परिवारों को 500 एमएल की बोतल 15 रुपये, एक लीटर की बोतल 30 रुपये और 1.5 लीटर की बाेतल 45 रुपये में उपलब्ध करवाई जाएगी। तेल का वितरण सत्यापित बीपीएल/एएवाई परिवारों को किया जाना है।
77428 बोतलों का किया जाएगा आंवटन : विभाग की ओर से जारी आवंटन सूची के अनुसार, जिले में 58,439 परिवारों के लिए एक लीटर वाली बोतल और 18,989 परिवारों के लिए 500 एमएल वाली बोतल निर्धारित की गई है। इस प्रकार दोनों श्रेणियों में कुल 77,428 बोतलों का आवंटन दर्शाया गया है। इनमें 6 यूनिट से अधिक वाले राशनकार्डों पर दी जाने वाली 1.5 लीटर की बोतलों की संख्या भी शामिल है। जो 500 एमएल और 1 लीटर को मिलाकर दी जाएंगी।
एजेंसी करेगी सप्लाई : निदेशालय की ओर से जारी पत्र में हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचएआईसीएल) को जिला स्तर पर तेल की आपूर्ति और आवंटन के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।