फोटो-12 शहर में बना सार्वजनिक शौचालय। संवाद
- पहली बार शहर के सार्वजनिक शौचालयों में होगी बच्चों को बैठकर दूध पिलाने की व्यवस्था, नगर परिषद की ओर से जल्द आमंत्रित की जाएगी निविदा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी जल्द दूर होगी। करीब दो माह पहले तैयार की गई योजना के तहत शहर में नए 5 शौचालय बनाने के लिए 56 लाख का बजट मिल गया है। अब नगर परिषद की ओर से जल्द निविदा आमंत्रित की जाएगी। उम्मीद है कि अप्रैल तक शौचालय निर्माण की कवायद शुरू हो जाएगी।
फिलहाल, शहर में 12 सार्वजनिक शौचालय हैं। शहरवासी इनकी संख्या बढ़ाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। अब जाकर लोगों की यह मांग परवान चढ़ती नजर आ रही है। इसके लिए दो माह पहले ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालयों का निर्माण कराने का प्रारूप तैयार किया गया था। स्वच्छता मिशन के तहत शहर में सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने की योजना बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा गया था। राहत की बात यह है कि स्वीकृति के साथ बजट भी मिल गया है। अब अगले सप्ताह तक नगर परिषद की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शहर में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालयों की कमी खल रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के मद्देनजर शहर की सफाई और स्वच्छता से जुड़ीं अन्य गतिविधियों में सुधार किया जा रहा है। अब सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का टेंडर आमंत्रित करने के लिए मुख्यालय से स्वीकृति मिल गई है। नगर परिषद तकनीकी शाखा की ओर से 20 मार्च तक टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। शौचालय निर्माण होने से खासकर दुकानदारों को बड़ी राहत मिलेगी।
- यहां शौचालय बनाने की है योजना
स्वच्छ भारत मिशन जिला प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि मॉडर्न शौचालय निर्माण के लिए जगह चिह्नित की जा चुकी हैं। योजना के अनुसार, रोज गार्डन के अंदर, एमसी कार्यालय, कोर्ट कॉम्प्लेक्स, परसराम हेतराम स्कूल के पास और तिकोना पार्क क्षेत्र में शौचालय बनाए जाएंगे।
- शहर में यहां पहले से बने हैं शौचालय
कॉलेज मोड़, रेलवे मोड़, अनाज मंडी के पिछली तरफ, पुरानी सब्जी मंडी के पास, एमसीएच के पास, कोर्ट के सामने, तिकोना पार्क पर, वाल्मीकि बस्ती व रेलवे रोड पर सार्वजनिक शौचालय बने हुए हैं।
- 11 लाख से अधिक आएगी एक के निर्माण पर लागत
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि एक मॉडर्न यानी इंस्पिरेशनल शौचालय निर्माण पर करीब 11 लाख से अधिक लागत आएगी। इसमें अत्याधुनिक टॉयलेट सीट समेत ब्रेस्ट फीडिंग कॉर्नर आदि सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
वर्सन:
इंस्पिरेशनल शौचालय निर्माण के लिए बजट मिल गया है। जल्द ही शौचालयों का निर्माण कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 5 नए बनने के बाद सार्वजनिक शौचालयों की कमी दूर होगी।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद