जिले में सीरो सर्वे के तहत 800 लोगों के कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए थे। इनमें से 450 की रिपोर्ट आ चुकी है, जिनमें 52 लोग ऐसे मिले हैं जो कोरोना से संक्रमित हुए लेकिन लक्षण न आने की वजह से पकड़ में नहीं आ पाए और अब स्वस्थ हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक एवं दादरी जिले के कोविड नियंत्रण नोडल अधिकारी पंकज यादव की अध्यक्षता में कोरोना को लेकर आयोजित बैठक में यह बात सामने आई।
आयुक्त ने कहा है कि कोरोना के प्रति आम नागरिक पूरी तरह से जागरूक रहें। इस महामारी का प्रकोप अभी भी दुनिया भर में बना हुआ है और सचेत रहकर ही इसका मुकाबला किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दादरी जिला में कोरोना के टेस्ट कम होने के कारण यहां मरीजों की सही संख्या सामने नहीं आ रही है। जैसे-जैसे टेस्टिंग को बढ़ाया जाएगा, मरीजों की संख्या भी बढ़ती जाएगी। इसलिए जिले में कोरोना के प्रति लोग सावधान रहें। उन्होंने उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा को कहा कि शहर और गांवों में जन जागरूकता का अभियान जारी रहे।
उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा ने नोडल अधिकारी को बताया कि जिला में इस समय कोरोना के 81 मामले हैं, जिनमें से 13 कोविड अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बाकी मरीजों को होम क्वारंटीन में रखा गया है। कोरोना के आकस्मिक आठ सौ टेस्ट किए गए थे। इनमें से 450 के परिणाम आ चुके हैं। इन टेस्टों में से 52 लोगों में एंटी बॉडीज पाई गई हैं अर्थात इन नागरिकों को कोरोना ठीक हो चुका था। इनमें खांसी, जुकाम, बुखार आदि कोई लक्षण नहीं पाए गए।
जिले में मास्क पहनना अनिवार्य, काट रहे चालान: एसपी
पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने कहा कि कोरोना को लेकर बाजारों में मास्क पहनना अनिवार्य है और चालान भी काटे जा रहे हैं। पुलिस कर्मचारी व अधिकारी सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहते हैं। शारीरिक दूरी का पालन करवाया जा रह है। बाजारों को रोजाना समय पर खुलवाया एवं बंद करवाया जा रहा है।