चरखी दादरी। नगर परिषद अधिकारियों ने दादरी शहर में विकास की चरखी घुमाने की तैयारी कर ली है। करीब 3.15 करोड़ के बाद हाल ही में चार करोड़ के विकास कार्याें की निविदा आमंत्रित की गई है। इसके तहत शहर के 10 वार्डाें में करीब 50 गलियों का निर्माण कराया जाएगा और करीब 30 हजार की आबादी को जर्जर गलियों की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
गौरतलब है कि लंबे इंतजार के बाद शहर में अब विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे। 20 मई तक नगर परिषद की ओर से करीब आठ करोड़ के विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। इसके लिए अधिकारी तैयारी में जुटे हैं। उनका दावा है कि मई के मध्य तक शहर के वार्डों में विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। सबसे अधिक फोकस गली निर्माण पर रहेगा जबकि कुछ मुख्य सड़कों का भी पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
मुख्य सड़कों के निर्माण की निविदा पहले आमंत्रित कर दी गई थी जबकि 40 गलियों के निर्माण की निविदा हाल ही में आमंत्रित की गई है। दरअसल, नगर परिषद की मौजूदा कार्यकारिणी का गठन हुए तीन साल हो चुके हैं। इसके बावजूद शहर में विकास की रफ्तार धीमी रही। तीन साल में करीब 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य नगर परिषद की ओर से करवाए गए हैं जबकि 20 से 25 दिन के अंदर करीब आठ करोड़ की राशि के विकास कार्य शहर में शुरू करवा जाएंगे। गलियों का निर्माण होने से लोगों को जर्जर गलियों से आवागमन नहीं करना पड़ेगा।
अलग-अलग चरण में आमंत्रित की गई निविदा : नगर परिषद के अधिकारियों ने अलग-अलग चरणों में करीब आठ करोड़ के टेंडर आमंत्रित किए हैं।
इससे पहले शहर में विकास का खाका खींचने की योजना तैयार की गई थी। एक चरण में करीब सवा तीन करोड़ के तो दूसरे चरण में करीब पांच करोड़ रुपये की निविदा आमंत्रित की गई है और दोनों चरणों की निविदा प्रक्रिया अगले 20 दिनों में सिरे चढ़ा दी जाएगी।