संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। नगर में रेलवे स्टेशन रोड स्थित 132 केवीए पावर सब स्टेशन के लिए 20 एमवीए क्षमता का पावर हब ट्रांसफार्मर पहुंच गया है। इससे पावर सब स्टेशन की क्षमता बढ़ जाएगी। इसके लगने के बाद अगले वर्ष जनवरी में शहर बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बन जाएगा।
यहां 33 केवीए क्षमता का एक और पावर सब स्टेशन भी निर्माणाधीन है। जनवरी माह तक यह भी तैयार हो जाएगा। उसके बाद शहर में बिजली लोड की समस्या नहीं रहेगी। इतना ही नहीं, शहर को गांवों के पावर सब स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इस समय शहर की करीब 15 कॉलोनियों गांव घसोला व मकड़ानी स्थित पावर सब स्टेशन से जोड़ रखी हैं। शहर की बिजली की प्रतिदिन की खपत तीन लाख यूनिट तक है। शहर में करीब 20 हजार बिजली उपभोक्ता हैं।
ट्रांसफार्मर को जलने से बचाने के लिए लगाने पड़ते हैं कट : इस सब स्टेशन पर लोड ज्यादा होने की वजह से लाइन कई बार ब्रेक डाउन करती रही है। इससे खासकर शहर में बिजली आपूर्ति में ज्यादा व्यवधान आता रहा है। गर्मी के मौसम में लोड चरम पर होता है जिससे बीच-बीच में पावर कट लगाने पड़ते हैं। ताकि, मेन पावर ट्रांसफार्मर पर लोड न पड़े और यह जलने न पाए।
शहर के 45 फीसदी क्षेत्र के अलावा 14 गांवों में भी आपूर्ति : बिजली निगम को जहां भी डेढ़ एकड़ जमीन मिल जाती है वहीं, पावर स्टेशन बनाने की योजना है क्योंकि हर साल बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। करीब साढ़े चार दशक पुराने रेलवे रोड पावर सब स्टेशन की क्षमता इस समय 32 एमवीए है।
पिछले चार साल से जैसे-जैसे शहर का विस्तार हो रहा है और आबादी बढ़ रही बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। लोड बढ़ने पर लाइन ब्रेक डाउन कर जाती है। इससे कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है।
इस समय रेलवे रोड सब स्टेशन से शहर के करीब 45 प्रतिशत एरिया में बिजली आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा 14 गांव भी इसके अधीन हैं।