- एक माह से जारी कनेक्शन काटो मुहिम का धरातल पर दिखा असर, अब भी 2300 उपभोक्ता बिजली निगम की डिफाल्टर सूची में
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बकाया बिल राशि की वसूली के लिए बिजली निगम की ओर से कनेक्शन काटो मुहिम चलाई जा रही है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। एक माह में 860 डिफाल्टर उपभोक्ताओं ने तीन करोड़ का बकाया बिल भरा है।
बिजली निगम अधिकारियों की मानें तो मुहिम के पहले चरण में उन उपभोक्ताओं को लिया गया, जिन पर 80 हजार या इससे अधिक की राशि बकाया थी। फिलहाल, 2300 उपभोक्ता ऐसे बचे हैं, जिनकी बकाया राशि 60 हजार तक है। दूसरे चरण में इन उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिजली निगम की डिफाल्टर सूची में करीब 5500 उपभोक्ता ऐसे हैं, जो पिछले दो साल से बिल अदायगी में रुचि नहीं ले रहे। इन उपभोक्ताओं पर बिजली निगम की करीब 8 करोड़ रुपये की राशि बकाया थी। इसकी रिकवरी के लिए एक माह पहले बिजली निगम की टीमों ने कनेक्शन काटो मुहिम शुरू की थी। इसके तहत निगम की टीमें डिफाल्टर उपभोक्ताओं के घर पहुंचीं और 200 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इसके बाद उन्होंने निगम कार्यालय पहुंचकर बकाया बिल भरा और इसके बाद उनका कनेक्शन जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
- 30 टीमों ने अब तक 2000 घरों की जांच की
निगम ने 11 अक्तूबर को 30 टीमें बना कर बकायादारों के घर भेजना शुरू किया गया था। तब से लेकर अब तक टीमें करीब 2000 घरों की जांच कर चुकी हैं। इन टीमों ने उपभोक्ताओं को बकाया बिल के भुगतान के लिए भी प्रेरित किया है।
- 45 लाख का बिल नहीं भरने पर 50 के काटे कनेक्शन
करीब 45 लाख रुपये के बिल नहीं भरने वाले 50 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए हैं। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि अभी अभियान जारी है। अब टीमें दूसरी श्रेणी में शामिल डिफाल्टर उपभोक्ताओं के घर पहुंचेंगी।
- पहली बार एक माह में मिला 9.12 करोड़ का राजस्व
बिजली निगम की ओर से समय-समय पर बकाया बिल राशि के भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को प्रेरित करते हुए योजनाएं चलाई जाती हैं। अक्तूबर 2023 में 9380 उपभोक्ताओं ने 6 करोड़ 45 लाख रुपये की राशि जमा करवाई गई थी। वहीं, इस वर्ष निगम के खाते में 11,957 लोगों ने 9 करोड़ 12 लाख रुपये की बिल राशि जमा करवाई है।
वर्सन:
30 टीमें लगातार डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं के घर जाकर उन्हें बिल भरने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस माह 860 डिफाल्टर उपभोक्ताओं से 3 करोड़ रुपये की राशि निगम के खाते में जमा करवाई है।
-अविनाश यादव, एक्सईएन, बिजली निगम
फोटो: 20
रेलवे रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय का बिल भुगतान काउंटर। संवाद