चरखी दादरी। कुशल कारीगरों के अभाव में शहर में केंद्रीय विद्युत संवर्धन योजना का प्रोजेक्ट एक माह से ठप पड़ा है। 50 करोड़ रुपये के बजट से शहर में बिजली आपूर्ति में व्यापक सुधार होना है। प्रोजेक्ट के तहत बिजली चोरी रोकने व आपूर्ति में सुधार लाने पर ज्यादा ध्यान है। करीब एक साल से प्रोजेक्ट में समय-समय पर बाधाएं आ रही हैं।
शहरवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अभी और इंतजार करना होगा। यह योजना पूरी होने पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति संभव हो सकेगी। इस समय प्रतिदिन दो से तीन घंटे फॉल्ट एवं लाइन ब्रेक की वजह से बिजली कम मिलती है। शहर में प्रतिदिन की बिजली खपत तीन लाख यूनिट है।
यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर में बिजली फॉल्ट में 90 प्रतिशत तक कमी आ जाएगी। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर का कोई भी फीडर ओवरलोड नहीं रहेगा। इससे बिजली आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ वोल्टेज में भी सुधार आएगा। शहर में 15 फीडरों के जरिये बिजली आपूर्ति की जा रही है।
20 हजार उपभोक्ता हैं शहर में
इस समय कई भागों में कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। सुबह-शाम के समय कम वोल्टेज की ज्यादा समस्या बनी रहती है इसका प्रतिकूल असर खासकर शहर की पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ता है। शहर में मेन दो पावर सब स्टेशन हैं जिनके जरिये शहर में बिजली आपूर्ति की जाती है। रेलवे रोड व चरखी दादरी पावर सब स्टेशन से शहर में बिजली आपूर्ति होती है। कुछ सालों से शहर में बिजली की खपत लगातार बढ़ती जा रही है। नगर में करीब 20 हजार उपभोक्ता हैं।
फीडरों का लोड कम करने के लिए निगम योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है। वहीं गांवों में जगमग योजना के तहत इस काम को सिरे चढ़ाया जा रहा है ताकि लोड कम किया जा सके। इस योजना के तहत जिस फीडर पर ज्यादा लोड है उसको संतुलित किया जाना है। योजना के तहत 80 व 100 एमएम क्षमता की नई केबल लगाई जा रही हैं ताकि बार-बार तार टूटने न पाए। पहले 50 एमएम के तार लगते रहे हैं।
12 फीडर चल रहे हैं ओवरलोड
जिलेभर में इस समय करीब 12 फीडर ओवरलोड चल रहे हैं जिससे बार-बार आपूर्ति में व्यवधान आता है। निगम कर्मचारियों को भी लाइन ठीक करने में दिक्कतें आती हैं। निगम की योजना है कि जल्द ही विद्युत संवर्धन योजना को सिरे चढ़ा दिया जाए।
वर्सन :
फिलहाल कारीगरों की दिक्कत बन रही है। जुलाई माह में प्रोजेक्ट गति पकड़ेगा। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद ओवरलोड व कम वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी। आपूर्ति में 90 प्रतिशत सुधार आ जाएगा। फॉल्ट कम हो जाएंगे।- गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम, दादरी।