चरखी दादरी। इस बार मानसून के सीजन में जिले के सात गांवों के खेतों में जलभराव नहीं होगा। इसके लिए सिंचाई विभाग 15 करोड़ की परियोजना पर तेजी से काम कर रहा है। इस परियोजना का करीब 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 30 जून तक यह कार्य पूरा होना है। योजना के तहत पाइप लाइन के जरिये खेतों में भरने वाले पानी की निकासी की जाएगी। दो दिन पहले ही दादरी का दौरा करने आए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने भी अधिकारियों से इस परियोजना की अपडेट रिपोर्ट ली है।
बता दें कि मानसून सीजन के दौरान हर साल जिले के करीब 15 गांवों के खेतों में जलभराव होता है। जलभराव के चलते करीब पांच हजार एकड़ कृषि योग्य भूमि प्रभावित होती है। खासकर दिल्ली रोड पर पड़ने वाले गांवों में यह समस्या अधिक है और इन गांवों के किसान दो सीजन तक खेती नहीं कर पाते। इन समस्याओं को देखते हुए सरकार के निर्देशों पर सिंचाई विभाग ने मोरवाला, इमलोटा, भागवी, सरूपगढ़, सांतौर व कन्हेटी और बिगोवा के लिए पाइप लाइन बिछाने की परियोजना तैयार कर काम शुरू कराया था।
भागवी को छोड़कर ज्यादातर गांवों में परियोजना पर काम अंतिम चरण में है और आगामी 15 से 20 दिन में ये काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद पाइप लाइन का ट्रायल लिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ट्रायल सफल होते ही पाइप लाइन से पानी की निकासी शुरू कर दी जाएगी। ऐसे में इस मानसून सीजन में खेतों में भरे पानी की तुरंत निकासी होगी और किसानों को परेशानी नहीं होगी। विभाग की योजना के अनुसार पाइप लाइन के जरिये खेतों का पानी ड्रेन में डाला जाएगा।
जानिये... किस गांव में क्या है स्थिति
इमलोटा गांव में योजना के तहत 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और बचा हुआ काम करीब 20 दिन के अंदर पूरा होने की उम्मीद है। इसी प्रकार सरूपगढ़ और सांतौर में पाइप लाइन का 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य इसी सप्ताह पूरा हो जाएगा। मोरवाला में 90 प्रतिशत काम हो चुका है और शेष कार्य दे सप्ताह के अंदर पूरा होने की उम्मीद है। इसी प्रकार भागवी में अभी पाइप लाइन डालने का शुरू हुआ है और विभाग का सबसे अधिक फोकस इसी गांव पर है।
15 करोड़ की इस परियोजना का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सतगामा के खेतों में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी। किसानों की परेशानियों को देखते हुए सरकार ने यह परियोजना तैयार करवाई है।
जेपी दलाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री
इस परियोजना की डेडलाइन 30 जून है। ज्यादातर गांवों में काम पूरा हो चुका है और हमारा प्रयास है कि सारा कार्य तय समय सीमा में पूरा हो जाए।
हरवीर, एसडीओ, सिंचाई विभाग