पुलिस की गिरफ्त में प्रतिबंधित दवा और गांजा बरामदगी मामले का चौथा आरोपी। स्रोत : विभाग
- वर्ष 2021 में एनसीबी टीम ने छपार गांव के गोदाम से बरामद की थीं प्रतिबंधित दवाएं और 3 किलो 760 ग्राम गांजा, भिवानी के बलियाली गांव का रहने वाला है गिरफ्तार किया गया आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। छपार गांव स्थित एक गोदाम से तीन साल 10 माह पहले हुई प्रतिबंधित दवाओं और 3.760 किलोग्राम गांजे की बरामदगी मामले में भिवानी जिले के बलियाली गांव के रहने वाले चौथे आरोपी सोमबीर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 2 अगस्त 2021 को एंटी नारकोटिक्स सेल भिवानी की टीम ने गांव छपार में अवैध शराब व प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की गुप्त सूचना सदर पुलिस थाने में दी थी। इसके बाद एएसआई अनिल कपूर के साथ एंटी नारकोटिक्स टीम अनिल मेडिकल हाॅल पर पहुंची। यहां पर टीम को ताला लगा मिला। गांव में खुफिया तौर पर पता करने पर पूर्व सरपंच दिलबाग के प्लॉट में आगे शराब का ठेका और उसके पीछे बने गोदाम में प्रतिबंधित दवाएं रखने की सूचना मिली।
इसके आधार पर टीम ने शराब ठेके के पीछे बने गोदाम की तलाशी ली तो तीन गत्ताें में 100 एमएल की 250 बोतलें और एक डिब्बे में प्रतिबंधित दवाओं की चार डिबिया बरामद हुईं। गोदाम में रखे टेंट के सामान में दो पॉलीथीन मिलीं। इनमें जांच करने पर 3.760 किलोग्राम गांजा पाया गया।
बाद में पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और प्लॉट मालिक दिलबाग से हल्फनामा व प्लाॅट की जमाबंदी जब्त कर ली। इस मामले में आरोपी छपार निवासी अनिल व संजय समेत काकड़ोेली हट्ठी निवासी रमेश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।