दादरी में आयोजित समाधान शिविर में जनसमस्याएं सुनतीं डीसी मनदीप कौर।
चरखी दादरी। डीसी मनदीप कौर ने मंगलवार सुबह लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं। करीब दो घंटे के अंदर उनके पास 48 शिकायतें पहुंचीं। इनमें से नौ का मौके पर ही समाधान हो गया जबकि 39 शिकायतों को लंबित रखा गया। इन शिकायतों को समाधान के लिए प्रशासन ने संबंधित विभाग को भेज दिया है।
सरकार के निर्देशानुसार लघु सचिवालय स्थित सभागार में मंगलवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें डीसी मनदीप कौर और एसपी पूजा वशिष्ठ भी मौजूद रहीं। शिविर में डीसी मनदीप ने लोगों की प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, पुलिस विभाग सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अवैध कब्जे हटाने, जल आपूर्ति आदि से संबंधित मामलों की समस्याएं सुनीं।
उन्होंने तत्काल समाधान योग्य शिकायतें मौके पर ही निपटाईं। जिनका समाधान तत्काल संभव नहीं था, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से समाधान करने के निर्देश दिए। शिकायतों का समाधान करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी कारण जिला और उपमंडल स्तर पर सुबह 9 से 11 बजे तक प्रत्येक कार्य दिवस पर समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें इन समाधान शिविरों के माध्यम से निपटवाएं। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते है, इसलिए समस्याओं का समाधान त्वरित किया जाता है।
- ये भी रहे मौजूद
समाधान शिविर में एडीसी डॉ. जयेंद्र सिंह, जिला परिषद सीईओ प्रदीप कौशिक, नगराधीश आशीष सांगवान, एसडीएम दादरी नवीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।