रोहतक रोड पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। रोहतक रोड पर लंबे समय से बंद पड़ी करीब 45 स्ट्रीट लाइटें राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। रात के समय सड़क पर गहरा अंधेरा छाने से निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के आसपास दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढे अंधेरे में दिखाई नहीं देते जिस कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक उनमें गिरकर घायल हो रहे हैं। बावजूद इसके संबंधित विभाग अब तक समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।
स्थानीय नागरिकों व यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों अनुसार रोहतक रोड शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल हैं जहां से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। इसी मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी चल रहा है। निर्माण के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं।
दिन के समय तो वाहन चालक सावधानी से इन गड्ढों से निकल जाते हैं लेकिन रात में स्ट्रीट लाइटें बंद होने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। अंधेरे के चलते वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटनाएं हो जाती हैं।