चरखी दादरी। जिले के गांव रानीला और बौंद कलां के बीच शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा अचानक नीलगाय बाइक के सामने आने से हुआ।
टक्कर से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को संभालने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार जिला झज्जर के गांव दुल्हेड़ा निवासी 48 वर्षीय मदन धारुहेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में बतौर सुरक्षा गार्ड नौकरी करता था।
शनिवार को किसी जरूरी कार्य से अपनी ससुराल गांव बौंद कलां जा रहा था। वह बाइक पर सवार होकर रानीला-बौंद कलां मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मदन सड़क पर गिर गया।
हादसा इतना गंभीर था कि उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की और कागजात में दर्ज मोबाइल नंबर के माध्यम से उसके बेटे ललित को हादसे की सूचना दी। मृतक एक लड़का व एक लड़की का पिता था। बौंद कलां थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे ललित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी।