बजट के लिए महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने मसौदा तैयार कर शिक्षा निदेशालय के पास भेजा, विद्यार्थियों को मिलेगी स्मार्ट कक्षा, कंप्यूटर लैब व सोलर पैनल की सुविधा
फोटो 15
दादरी राजकीय पीजी कॉलेज भवन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। राजकीय कॉलेज में प्रधानमंत्री फंड के 4.5 करोड़ के बजट से स्मार्ट कक्षा, कंप्यूटर लैब व सोलर पैनल की सुविधाएं विद्यार्थियों को मिलेंगी। इस बजट के लिए मसौदा तैयार कर शिक्षा निदेशालय को भेज दिया गया है। इतना ही नहीं राज्य सरकार की ओर से महाविद्यालय के लिए 30 लाख का बजट हाल ही में जारी किया गया है। अब प्रधानमंत्री फंड से बजट मिलने पर महाविद्यालय की सुविधाओं व सेवाओं में और विस्तार होगा।
क्षेत्र में लंबे समय से लोगों की मांग के बाद सरकार ने दो साल पहले दादरी में राजकीय महाविद्यालय खोला है। अब महाविद्यालय के आधारभूत ढांचा को सुदृढ़ करने की जरूरत है ताकि विद्यार्थियों को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। फिलहाल महाविद्यालय के पास अपना भवन भी नहीं है। गांव भैरवी में किसान मॉडल स्कूल भवन में इस समय कक्षाएं लगाकर महाविद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
अब प्रधानमंत्री फंड से महाविद्यालय का आधारभूत ढांचा तैयार हो सकेगा। इसके लिए कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शिक्षा निदेशालय भेजा गया है। यह प्रोजेक्ट 4.5 करोड़ का है। इस बजट से कॉलेज में स्मार्ट कक्षा प्रबंधन होगा। कंप्यूटर लैब तैयार की जाएगी। बिजली की सुविधा के लिए सोलर पैनल एवं जेनरेटर लगेगा। कॉलेज परिसर में पार्किंग बनेगी। कुछ भवन निर्माण कार्य भी इस राशि से होंगे। इसके अलावा लाइब्रेरी की सुविधाओं में विस्तार हो सकेगा। भूगोल सहित अन्य विषयों की प्रयोगशालाएं भी तैयार होंगी। प्रयोगशालाओं के लिए सामान खरीदा जा सकेगा। इसके लिए फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी।
प्रदेश सरकार के बजट से खरीदे जाएंगे 150 ड्यूल डेस्क
कुछ दिन पहले कॉलेज को 30 लाख का बजट राज्य सरकार की ओर से मिल चुका है। इस बजट से करीब 150 ड्यूल डेस्क की खरीद की जानी है। मेज, कंप्यूटर सेट व अन्य जरूरत के सामान की खरीद की जाएगी। कॉलेज के नए भवन के लिए सरकार ने महेंद्रगढ़ रोड पर जगह का चयन कर रखा है। जब यहां से नए भवन में कॉलेज शिफ्ट होगा तब यह सामान वहां भी इस्तेमाल हो सकेगा।
वर्सन:
पीएम फंड से कॉलेज में सुविधाओं के लिए 4.5 करोड़ का बजट मिलेगा। इसका प्रस्ताव तैयारकर शिक्षा निदेशालय भेज दिया है। जैसे ही बजट जारी होता है कॉलेज का आधारभूत ढांचा तैयार करवा दिया जाएगा। इस बजट से कॉलेज में प्रयोगशाला,स्मार्ट रूम सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। -डाॅ. पवन कुमार शर्मा, प्राचार्य, दादरी राजकीय महाविद्यालय