चरखी दादरी। बाडड़ा और दादरी खंड की पंचायतों का उपचुनाव 9 जुलाई को होगा। इसमें 4466 मतदाता मतदान करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रीति ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उपायुक्त ने बताया कि बाढड़ा पंचायत समिति के वार्ड एक में बीडीसी सदस्य पद के लिए उपचुनाव करवाया जाएगा। इस वार्ड में 3630 मतदाता हैं, जिनमें 1943 पुरुष और 1687 महिला मतदाता हैं। दादरी खंड के गांव गोठड़ा के वार्ड 8 में पंच पद के लिए उपचुनाव होगा। यहां 85 पुरुष व 82 महिलाओं सहित कुल 167 मतदाता मतदान करेंगे। बाढड़ा खंड के गांव काकड़ौली सरदारा के वार्ड 5 में पंच पद के लिए 88 पुरुष व 89 महिलाओं सहित कुल 177 वोटर वोट डालेंगे। गांव काकड़ौली हुकमी के वार्ड 8 में 126 पुरुष व 144 महिला मतदाता हैं। यहां 270 मतदाता बैलेट पेपर से अपना मतदान करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतगणना के पश्चात बैलेट बॉक्स तथा ईवीएम को सभी दस्तावेज सहित सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे शांतिपूर्वक मतदान करें। जिला प्रशासन की ओर से उपचुनाव को संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होनी चाहिए।