चरखी दादरी। जिले के 42 गांवों को दूषित जलभराव संबंधी समस्या से जल्द निजात मिलेगी। इसके लिए सरकार ने पाइप लाइन बिछाने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। विधायक सोमबीर सांगवान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस परियोजना पर करीब 70 करोड़ रुपये लागत आने की संभावना है और प्राथमिक चरण में 15 करोड़ की टेंडर प्रक्रिया की गई है। जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों के लोग मानसून सीजन के दौरान जलभराव की समस्या लंबे समय से झेल रहे हैं। अब ऐसे 42 गांवों को जल्द ही इस समस्या से निजात मिलेगी। सरकार व विभाग की ओर से समस्या से प्रभावित गांवों में जल निकासी के लिए पाइप लाइन डालने का टेंडर जारी कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के चलते अनेक गांवों में खेती खराब होने के कगार पर पहुंच जाती थी, लेकिन अब इसका स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन गांवों से पाइप लाइन स्थायी तौर पर बिछाई जाएगी जिससे खेतों में भरे पानी का उठान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इमलोटा, खातीवास, भागवी, लोहरवाड़ा, बिरही कलां, मोरवाला, पांडवान, मानकावास, चरखी आदि गांवों के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं।