दो दिन में करीब 40 हजार महिलाओं ने उठाया निशुल्क यात्रा का लाभ, फेरे मिस करने वालीं समिति की बसों पर आरटीए की ओर से की जाएगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं के लिए परिवहन विभाग की व्यवस्थाएं बेहतर रहीं जबकि समिति की बसों के संचालन में मनमानी होने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोमवार को परिवहन समिति की बसों ने 123 फेरे मिस किए जबकि रोडवेज बसों के 200 चक्कर बढ़ाने पड़े। वहीं, रविवार और सोमवार को करीब 40 हजार महिलाओं ने निशुल्क यात्रा का लाभ उठाया।
बता दें कि रविवार के मुकाबले सोमवार को बस स्टैंड परिसर में महिला और पुरुष यात्रियों की संख्या ज्यादा रही। इसके मद्देनजर 25 अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया। वहीं, सामान्य दिनों में रोडवेज बसें करीब 300 फेरे लगाती हैं जबकि सोमवार को बसों के 200 अतिरिक्त फेरे लगवाए गए। खासकर लोकल रूटों पर बसों के पहिये ज्यादा घूमे। दादरी-भिवानी, दादरी-रोहतक, दादरी-बाढड़ा, दादरी-झज्जर रूट पर सामान्य दिनों के मुकाबले रोडवेज बसों ने दोगुने चक्कर लगाए।
अगर केवल सोमवार की बात करें तो करीब 180 बसों में 30 हजार महिलाओं ने सफर किया। खास बात यह रही कि अगर कोई बूथ खाली हुआ तो बस स्टैंड परिसर में बस पहुंचते ही उक्त रूट पर लगवाई गई। इतना ही नहीं, अधिकारियों ने बसों के संचालन का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
- बस स्टैंड से बैठाया, किराया न देने पर महिलाओं को बाईपास पर उतारा
समिति की एक बस के चालक ने घोर लापरवाही बरती और यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में भी आया। एक अधिकारी ने बताया कि बस चालक दादरी बस स्टैंड से महिलाओं को बैठाकर ले गया। किराया देने से इन्कार करने पर सभी महिला यात्रियों को रावलधी चौक पर उतारकर बस लेकर चला गया। इस मामले में विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवहन समिति की बसें इन रूटों से रहीं गायब
बस स्टैंड परिसर से 63 बसें आरटीए परमिट के अनुसार विभिन्न रूटों पर चलती हैं। रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं के निशुल्क सफर से होने वाले घाटे को देखते हुए रविवार को नारनौल, झज्जर व रोहतक रूट पर बसों की 71 ट्रिप नहीं लगाई गई। वहीं, सोमवार दोपहर एक बजे तक समिति की बसों ने 52 चक्कर मिस किए।
वर्सन:
मंगलवार सुबह टीम बस स्टैंड परिसर पहुंचेगी। महिला यात्रियों को नीचे उतारने व फेरे कम लगाने वाले समिति की बसों पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में आई जाएगी।
-बलबीर सिंह, आरटीए सहायक सचिव
वर्सन:
हमने महिला यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जबकि बसों के फेरे भी बढ़ाए गए। रूट मिस करने वाले और महिला यात्रियों को बीच रास्ते उतारने वाले बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
-नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी डिपो
फोटो: 14
बूथ पर बस आने का इंतजार करती यात्रियों की भीड़। संवाद
फोटो:15
सीट लेने के लिए छोटे बच्चों को खिड़की से अंदर भेजते परिजन। संवाद
फोटो: 16
बुजुर्ग महिला को बस में चढ़ाने का प्रयास करता परिवहन कर्मचारी। संवाद
फोटो: 17
बस में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की करतीं महिलाएं। संवाद