चरखी दादरी। त्योहारी सीजन के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के मार्गदर्शन में धनतेरस, दिवाली और गोवर्धन पूजा जैसे त्योहारों पर बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
इसके लिए जिले में लगभग 400 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। चरखी दादरी में 10 प्रमुख स्थानों पर विशेष पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, जहां प्रत्येक नाके पर एक प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर पुलिस की पैदल गश्त पार्टियां लगातार निगरानी रखेंगी। रोहतक चौक, अंबेडकर चौक, पटियाला चौक और पुरानी अनाज मंडी गेट के पास चार मचान बनाए गए हैं। बाढ़डा में भी दो मचान स्थापित किए गए हैं, जहां से पुलिसकर्मी दूरबीन, कैमरों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से नजर रखेंगे।
महिला सुरक्षा और विशेष जांच
महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति टीम, महिला स्कूटी राइडर्स और विशेष महिला जांच टीमें तैनात की गई हैं। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी बाजारों में छेड़छाड़ और चैन स्नैचिंग जैसी असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखेंगी। यातायात थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि 6 नवंबर से बाजार क्षेत्र में चारपहिया और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए वाहन खड़ा करने की जगह भी निर्धारित की गई है।