बस के अंदर बैठे परीक्षार्थी व उनके परिजन।
चरखी दादरी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली सीईटी मेन्स की परीक्षा के लिए रविवार को चरखी दादरी से महज 12 बसें ही परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हुईं। जिला से करीब 400 परीक्षार्थियों को लेकर बसें रात को 2:30 बजे से रवाना होनी शुरू हो गई थी। वहीं राज्य परिवहन की ओर से 29 बसों की व्यवस्था की गई थी लेकिन परीक्षार्थियों की कम संख्या के चलते महज 12 बसें ही पर्याप्त रही।
वहीं सोमवार को होने वाली परीक्षा के लिए विभाग की ओर से 32 बसों की व्यवस्था की गई है। पहले दिन प्रत्येक बूथ से बसों को रवाना किया गया। कम संख्या होने के कारण परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड दिखाने के उपरांत सीटें भी मिल गई। सुरक्षा की दृष्टि से बस स्टैंड पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती रही। परीक्षार्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में बैठे। महिला परीक्षार्थियों के लिए एक सहायक भी पहुंचे।
यह रहेगी बसों की समय सारणी:
परीक्षा केंद्र दादरी बस स्टैंड से चलने का समय:
पंचकूला रात्रि 2:30 बजे
कुरुक्षेत्र सुबह 3:30
करनाल सुबह 4 बजे
पानीपत सुबह 4:30 बजे वाया रोहतक
हिसार 4:30 बजे वाया भिवानी हांसी
रविवार को प्रदेश के पांच परीक्षा केंद्रों के लिए बस स्टैंड से 12 बसें भेजी गई। तय समय पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। वहीं सोमवार को होने वाली परीक्षा के लिए 32 बसें उपलब्ध रहेंगी। परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार यह आंकड़ा घटाया-बढ़ाया भी जा सकता है।
-दीपक कुमार, संस्थान प्रबंधक, दादरी डिपो