गांव रामपुरा निवासी सरपंच की बाइक के बैग से अज्ञात ने 40 हजार की नकदी और अन्य दस्तावेज चोरी कर लिए। बाइक के बैग में रखा पंचायती रिकार्ड भी चोरी हुआ है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
पुलिस को दी शिकायत में सरपंच शेर सिंह ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर बाद पीएनबी बैंक बाढड़ा से पंचों के मानदेय की राशि 48 हजार रुपये लेकर आया था। इस दौरान आठ हजार रुपये उसने अपनी जेब में रख लिए और 40 हजार रुपये व पंचायत का कुछ रिकार्ड बाइक के बैग में रख दिया। इसी बीच वह बाइक खड़ी कर बाजार में खरीदारी के लिए चला गया। कस्बे के सतनाली रोड पर बाजार में खरीदारी कर लौटा तो बाइक में रखा बैग खाली मिला। उसने आसपास पूछताछ की लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।