चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस की टीम ने दुकान में घुसकर युवक पर हमला करने व टायरों में आग लगाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गत आठ फरवरी को सिटी पुलिस स्टेशन में सूचना मिली थी कि दादरी महेंद्रगढ़ बाईपास क्षेत्र निवासी मोहम्मद सादिक झगड़े में घायल होकर नागरिक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर घायल के बयान दर्ज किए। जिसमें उसने बताया कि वह बिहार के वैशाली जिले के गांव मुकंदपुर का रहने वाला है और करीब दो वर्ष से महेंद्रगढ़ रोड पर एक दुकान में बतौर मिस्त्री काम करता है।
उसने बताया कि सात फरवरी को खाना खाकर रात करीब साढ़े 10 बजे दुकान का शटर बंद कर अंदर सो गया। करीब 12 बजे किसी ने शटर खटखटाया और कहा कि तेरी दुकान के साथ में प्लॉट में रखे टायरों में आग लगी हुई है। यह सुनकर उसने जल्दी से शटर खोला। तभी 5-7 व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए जबरदस्ती दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। उन्होंने उसे काफी मारा और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
उसने शिकायत में बताया था कि मारपीट करने से पहले दुकान के साथ में बंद प्लॉट में रखे टायरों में भी आग लगा गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
सिटी पुलिस थाने में तैनात एएसआई संदीप ने इस मामले में सोमवार को कस्बा झोझू कलां निवासी नवल उर्फ मोनू, गांव आदमपुर डाढ़ी निवासी राहुल, गांव छिल्लर निवासी अमित व झोझू खुर्द निवासी जितेंद्र उर्फ जॉनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद मंगलवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।