परिवहन विभाग परिसर दादरी में लगाए विशेष काउंटर पर हैप्पी कार्ड प्राप्त करते आवेदक।
चरखी दादरी। पात्र लाभार्थी अब हैप्पी कार्ड बनवाकर निशुल्क परिवहन सेवा का लाभ लेने लगे हैं। पिछले सात दिनों में 3,942 लाभार्थियों ने दादरी बस स्टैंड परिसर से अपने हैप्पी कार्ड लेकर एक हजार किलोमीटर की निशुल्क यात्रा का लाभ लिया है। अधिकारियों के मुताबिक कार्ड बनवाने वालों की संख्या अब बढ़ रही है। पिछले एक सप्ताह में औसतन रोज 563 लोगों के कार्ड बने हैं।
इस सेवा का लाभ अधिकतम लाभार्थियों को देने के लिए विभाग भी हरसंभव मदद कर रहा है। इसके तहत शनिवार और रविवार को अवकाश पर भी बस स्टैंड परिसर में हैप्पी कार्ड काउंटर खुले रखे गए हैं। विभाग का ये प्रयास लाभार्थियों को कार्ड बनाने में राहत भी दे रहा है। रविवार शाम तक करीब 22,000 लाभार्थी कार्ड बनवा चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी रोज दो हजार पात्रों को फोन कर कार्ड बनवाकर योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। दादरी बस स्टैंड परिसर पर कार्ड वितरण के लिए सात काउंटर पर 12 कंप्यूटर ऑपरेटर्स की ड्यूटी लगाई गई है। इन काउंटरों पर 13 कर्मचारी आवेदक का कार्ड छांटकर कागजी कार्यवाही पूरी करवा रहे हैं।
- 5,031 हैप्पी कार्ड आने अभी बाकी
जिले में योजना के 47,789 लाभार्थी हैं। इसलिए रोडवेज परिवहन विभाग के पास हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए कुल 47,789 आवेदन मिले हैं। शनिवार शाम तक विभाग के पास 42,758 आवेदकों के कार्ड बनकर कार्यालय में पहुंच चुके हैं। कुल आवेदकों की संख्या अनुसार अभी परिवहन विभाग के पास 5,031 कार्ड और आने हैं।
हैप्पी कार्ड योजना का लाभ लाभार्थियों को देने के लिए शनिवार और रविवार को भी विशेष काउंटर लगवाए हैं, ताकि अधिकतम आवेदक निशुल्क बस यात्रा का लाभ उठा सकें। हमारे कर्मचारी रोजाना दो हजार लोगों को अपना कार्ड ले जाने के लिए सूचित कर रहे हैं। – नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, परिवहन विभाग, चरखी दादरी।