हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत लगाए गए कैंप में पंजीकरण कराने पहुंचीं महिलाएं।
चरखी दादरी। जिले में हर घर-हर गृहिणी योजना के पंजीकरण के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से राशन डिपो क्षेत्र में लगाए गए कैंपों में अब तक 35,459 बीपीएल और एएवाई परिवारों का पंजीकरण किया जा चुका है। फिलहाल, जिले में कैंप लगाने की प्रक्रिया जारी है।
अतिरिक्त उपायुक्त विश्वजीत चौधरी ने बताया कि यह योजना बीपीएल और एएवाई श्रेणी के परिवारों के लिए आर्थिक सशक्तीकरण का एक बड़ा साधन है। योजना के तहत पात्र परिवार 500 रुपये में प्रतिवर्ष 12 एलपीजी गैस सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं। योजना का लाभ लेना बिल्कुल सरल है। पात्र परिवार https://epds.haryanafood.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन के लिए केवल गैस कनेक्शन की कॉपी, परिवार पहचानपत्र व मोबाइल नंबर की जरूरत है। सभी लाभार्थियों तक योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए कैंप लगाकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
डीएफएससी संजीव कुमार ने बताया जिले में विभाग की ओर से लगातार विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। ताकि, लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन सुगम तरीके से हो सके। विभाग के अधिकारी कर्मचारी अवकाश के दिन भी पात्र लोगों के पास पहुंचकर कैंप के माध्यम से पंजीकरण करवा रहे हैं। साथ ही राशन डिपो संचालकों को भी इस बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए कहा गया है। ताकि, अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।