चरखी दादरी। शहर निवासी एक फर्म मालिक को ऑनलाइन गाड़ी खरीदना महंगा पड़ गया। गाड़ी खरीदने के बाद एजेंट ने आरसी बनवाने का झांसा देकर 3.52 लाख रुपये ठग लिए और अब न तो रकम वापस की और न ही आरसी बनवाकर दी। शहर निवासी पीड़ित गोपाल की शिकायत पर शहर पुलिस ने आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस को दी शिकायत में गोपाल कुमार ने बताया कि वह किसना ऑप्टिकल प्राइवेट लिमिटेड का मालिक व डायरेक्टर है। यहां आसपास इनोवा कार एजेंसियों में उपलब्ध न होने के कारण उन्होंने ऑनलाइन सर्च की और ट्विंस कार इंपायर मालिक ट्विंकल राठी से बातचीत की।
30 जनवरी को उन्होंने इनोवा कार खरीदने के लिए संपर्क किया। बाद में आरोपी ने उन्हें कोटेशन भेजी और कर्नाटक स्थित बीजेएस कंपनी पर कार उपलब्धता बताई। बाद में उन्होंने 31 जनवरी तक 36 लाख 99 हजार 400 रुपये फुल पेमेंट करने के लिए कहा। कहा कि पेमेंट मिलते ही गाड़ी बुक कर दूंगा और ट्रांसपोर्ट कंटेनर से 8 फरवरी को गाड़ी गुरुग्राम पहुंच जाएगी। कर्नाटक जाकर उन्होंने दोपहर 1 बजे गाड़ी की उपलब्धता व सभी संबंधित दस्तावेजों की जांच कर पेमेंट कर दी।
इस दौरान राठी ने 32.97 लाख बीजेएस कंपनी और 3.52 लाख आरसी बनवाने के लिए अपने खाते में डलवाए। 12 फरवरी को कहा कि वह गाड़ी की होम डिलिवरी करवा रहा हे और 2 बजे तक पहुंच जाएगी। बाद में कार इंश्योरेंस के साथ उनको मिल गई और आरटीओ फाइल के लिए पूछताछ की तो राठी से बात करने के लिए कहा।
बाद में उन्होंने राठी से बात की तो वह उन्हें बातों में टालता रहा और गाड़ी की आरसी नहीं बनवाई। अब 16 जून को गाड़ी की पैनल्टी सहित उन्होंने 3.63 लाख रुपये आरटीओ की फीस कटवाई है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रुपये बरामद कराने की मांग की है।