चरखी दादरी। लोक निर्माण विभाग ने जिले में खराब हो चुकी सड़कों की मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की मानसून सीजन से पहले शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 32 सड़कों की मरम्मत कराने की योजना है। इसके लिए लगभग 30 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट तैयार कर सरकार को भेजा गया है।
मानसून सीजन में बारिश से जलभराव होने पर वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतें आती हैं। सड़कों में गड्ढे होने के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बढ़ जाता है। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए समय रहते मरम्मत कार्य करवाने की योजना बनाई गई है।
शहर की कई प्रमुख सड़कों की हालत काफी खराब हो चुकी है जबकि विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग भी जर्जर अवस्था में हैं। इस योजना के तहत आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग सड़कों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जाएगी। कहीं 200 मीटर तो कहीं 500 मीटर तक सड़क की मरम्मत की जाएगी। कुछ स्थानों पर सड़क की स्थिति को देखते हुए नई लेयर भी बिछाई जा सकती है।
विभाग का लक्ष्य मानसून शुरू होने से पहले सभी प्रस्तावित कार्यों को पूरा करना है ताकि लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके। विभाग को उम्मीद है कि सरकार से जल्द बजट स्वीकृत होगा। इससे सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा करवाया जाएगा। इस समय शहर में भगवान परशुराम चौक से किला मैदान मार्ग, लाजपतराय चौक होते हुए मेन बाजार तक सड़क की हालत बेहद खराब बनी हुई है। मेन फोरलेन भी मरम्मत मांग रहा है। ढाणी रेलवे फाटक के समीप ओवरब्रिज के आसपास सड़क खराब स्थिति में है। गांवों में करीब 25 संपर्क मार्ग जवाब दे चुके हैं। कहीं सड़कों के किनारे टूटे हुए हैं तो कही गड्ढे बने हुए हैं। विभाग गांव मालपोष से स्कूल तक 30 लाख के बजट से सड़क का निर्माण करवाएगा। इसी प्रकार किसी सड़क की मरम्मत पर एक करोड़ तो किसी पर 30 से 50 लाख तक का बजट खर्च होना है। विभाग ने अनुमानित बजट व सड़कों की सूची मुख्यालय भेज दी है। अब बजट का इंतजार है।
मानसून सीजन से पहले सभी सड़कों को दुरस्त करना चाहिए। बारिश में जलभराव होने पर दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। मेन बाजारों में सड़कों की हालत खराब है। विभाग जल्द कदम उठाना चाहिए। संदीप फोगाट, प्रधान, पूर्ण मार्केट, दादरी।
32 सड़कों की मरम्मत आदि के कार्य के लिए बजट की मांग की गई है। विभाग की योजना है कि मानसून सीजन से पहले सड़कों के गड्ढे ठीक कर करवा दिए ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। गुरचरण सिंह, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, दादरी।