चरखी दादरी। शहर में जल्द ही स्ट्रीट लाइटों की कमी दूर हो जाएगी। नगर परिषद के पास 300 स्ट्रीट लाइटें पहुंच चुकी हैं, जबकि अधिकारियों ने 2600 और लाइटें खरीदने की तैयार कर ली है। जल्द ही इसके लिए टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। नगर परिषद की प्रत्येक वार्ड में करीब 100 नई लाइटें लगाने की योजना है।
नगर परिषद ने डी-प्लान के बजट से स्ट्रीट लाइट की खरीद की गई है। नगर परिषद की योजना के अनुसार 1800 पुरानी लाइटों को भी बदला जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही नई लाइटों की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके तत्काल बाद इन्हें वार्डाें में लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। शहर में करीब तीन साल से लाइटें नहीं लग पाई हैं। लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग उठ रही है, जो अब जाकर सिरे चढ़ेगी।
दरअसल, शहर में 21 वार्ड व बाजार शामिल है। पांच कॉलोनियों गत दिनों ही वैध हुई हैं। इस समय शहर के अधिकतर भागों में सोडियम लाइटें लगी हुई हैं। इन लाइटों से रोशनी कम और बिजली खपत ज्यादा होती है। इस समय शहर के विभिन्न भागों में नई लाइट लगाने के अलावा पुरानी को बदलने की जरूरत है। इन तमाम पहलुओं को देखते हुए नगर परिषद की ओर से 2600 लाइटें लगवाई जाएंगी।
4500 लाइटों खरीदने की बनी थी योजना
बता दें कि शहर के लिए नगर परिषद अधिकारियों ने कुल 4500 स्ट्रीट लाइटें खरीदने की योजना तैयार की थी। इसके बाद 300 लाइटें डी-प्लान के तहत शहर को मिल गई जबकि 2600 लाइटें नगर परिषद के बजट से खरीदी जाएंगी। इसके बाद भी अगर स्ट्रीट लाइटों की कमी रही तो फिर 1600 और लाइटों की खरीद कर ली जाएगी।
करीब तीन हजार आएगी एक लाइट पर लागत
सूत्रों की मानें तो एक स्ट्रीट लाइट करीब 3000 रुपये की पड़ेगी। टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ने के बाद ही वास्तविक लागत का पत चल पाएगा। अगर एक लाइट तीन हजार की पड़ती है तो फिर 2600 नई लाइटें लगवाने पर करीब 78 लाख लागत आने की संभावना है। लाइटें लगने के बाद एजेंसी को अगले पांच साल तक इनका रख-रखाव करना पड़ेगा।
300 लाइटें पहुंच चुकी हैं, जबकि 2600 स्ट्रीट लाइटों की खरीद जल्द कर ली जाएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर आमंत्रित किया जाएगा। फिर भी अगर कमी रहेगी तो 1600 लाइटों की खरीद और कर ली जाएगी।
- बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद।