पुलिस की गिरफ्त में जानलेवा हमला करने के तीनों आरोपी। स्रोत : विभाग
- शिकायतकर्ता पक्ष की कार को टक्कर मारने के बाद पलट गई थी आरोपी पक्ष की कार, काबू किए गए दो आरोपी वाल्मीकि नगर के तो तीसरा कबीर नगर का रहने वाला
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी सीआईए ने वाल्मीकि नगर निवासी नीरज और उसके साथियों पर फायरिंग व जानलेवा हमला करने के तीन आरोपियों वाल्मीकि नगर निवासी राहुल, अंकित उर्फ चोटीवाला व कबीर नगर निवासी विशाल उर्फ नंदू को दबोचा है। उनका कोर्ट ने पुलिस रिमांड मंजूर किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि महेंद्रगढ़ रोड पर दो पक्षों में झगड़ा हो रहा है। वहां पहुंचने पर पुलिस को वाल्मीकि बस्ती निवासी नीरज ने शिकायत सौंपी। उसने बताया कि वह गाड़ी लेकर सब्जी मंडी जा रहा था। आंबेडकर गेट के पास अंकित, साहिल, सोमबीर, राहुल, राजेश, विशाल, काके व नंदू उससे झगड़ा करने लगे। राहुल ने उसकी कार में टक्कर मार दी। उस दौरान राहुल की कार पलट गई।
नीरज ने बताया था कि कार पलटने से पहले अंकित और राहुल ने उसके ऊपर गोली चलाई, लेकिन, गोली नहीं लगी। उसने बताया कि पहले भी उन्होंने उसके भाई राहुल के साथ झगड़ा कर हाथ-पैर तोड़ दिए थे। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया था। अब तीन आरोपियों को काबू कर लिया है।