चरखी दादरी। आदर्श आचार संहिता लागू होने और प्रशासन के बार-बार अपील करने पर भी 278 शस्त्रधारक अपना असलहा थाने में जमा करवाने में रूचि नहीं ले रहे हैं। इसके चलते अब इन्हें पुलिस विभाग की ओर से पहला नोटिस थमाया गया है। अब भी अगर इन्होंने हथियार जमा नहीं करवाया तो फिर दूसरा नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद उनका लाइसेंस रद्द करने या एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की जाएगी।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस धारकों को अपना हथियार नजदीकी पुलिस थाने में जमा करवाने हैं। 26 अप्रैल तक की स्थिति देखें तो 1587 शस्त्रधारकों में से 1309 ने अपना हथियार जमा करवाने की प्रक्रिया पूरी की है। ये प्रक्रिया पूरी न करना लाइसेंसी शस्त्रधारकों को अब भारी पड़ सकता है। प्रशासन हिदायत के बाद नोटिस को हल्के में लेने वाले लाइसेंसी शस्त्रधारकों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज करवा सकता है। इसके अलावा दो नोटिस के बाद लाइसेंस रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। डीसी मनदीप कौर और एसपी पूजा वशिष्ठ ने बाकी बचे शस्त्रधारकों से असलहा जल्द से जल्द नजदीकी थाने में जमा करवाने की अपील की है।
एसपी पूजा वशिष्ठ ने बताया कि अगर आचार संहिता के बाद कोई लाइसेंसी हथियार अपने पास रखता है तो प्रशासन की ओर से उसका लाइसेंस रद्द कर उसे अवैध घोषित किया जा सकता है। चुनाव को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष और भय मुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के उद्देश्य से लाइसेंस धारक को अपना हथियार बिना किसी देरी के अपने नजदीकी थाना व गन हाउस में जमा कराने चाहिए। एसपी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति गन हाउस में भी अपने हथियार जमा करवा सकता है, लेकिन हथियार जमा करवाने की रसीद को संबंधित थाने में दिखाना अनिवार्य है।
बौंदकलां थाने में जमा हुए सबसे अधिक हथियार
दादरी सदर थाने में अब तक 78.64 प्रतिशत हथियार जमा हुए हैं। इसी प्रकार शहर थाने में 34.88 प्रतिशत, बौंदकलां थाने में 26.10 प्रतिशत, बाढड़ा थाने में 20.89 प्रतिशत और झोझूकलां थाने में 84.65 प्रतिशत हथियार जमा हो चुके हैं। बाढड़ा थाने में 84.92 प्रतिशत व झोझूकलां थाने में 73.65 प्रतिशत हथियार जमा हो चुके हैं। सर्वाधिक 93.71 प्रतिशत हथियार बौंदकलां थाने में जमा हुए हैं।
- थानावार ये है लाइसेंसी हथियारों की स्थिति
थाना- लाइसेंसी हथियार- जमा- बाकी
सदर- 487-383-104
शहर-215-182-33
बौंदकलां- 318-298-20
बाढड़ा-252-214-38
झोझूकलां-315-232-83
:::::::::::::::::::::::::
जिले में 1587 शस्त्र लाइसेंस हैं। इनमें से 1309 ने लोगोंं अपने हथियार जमा करवा दिए हैं। 278 ने ये प्रक्रिया पूरी नहीं की है और उन सभी को पुलिस ने नोटिस दे दिया है। अब नियमानुसार आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। अपील है कि लाइसेंस धारक जिन लोगों ने अब तक शस्त्र जमा नहीं करवाए हैं वो जल्द इस प्रक्रिया को पूरी कर लें।
पूजा वशिष्ठ, एसपी, चरखी दादरी