चरखी दादरी। शहर में पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने से वाहन चालकों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहन सड़कों पर खड़े रहते हैं जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और यातायात की रफ्तार थम जाती है।
हालात यह हैं कि रोज गार्डन से तिकोना पार्क तक के क्षेत्र को बाइक से पार करने में करीब 26 मिनट लग रहे हैं। तहसील रोड पर रोहतक चौक से डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक तक और लाला लाजपत राय चौक से दिल्ली रोड तक स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है। यहां दिनभर वाहनों का दबाव रहने से जाम की समस्या बनी रहती है।
शहर में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संख्या बढ़ने के साथ ही वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ा है, लेकिन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई। ऐसे में लोग मजबूरी में अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े कर देते हैं। इससे दूसरे वाहन चालकों के लिए रास्ता कम बचता है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
त्योहारी सीजन में बढ़ी परेशानी
त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। दुकानों के बाहर और सड़क किनारे खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए निकलते हैं। जाम के कारण लोगों को कम दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जाम में फंस रही एंबुलेंस, व्यवस्था पर सवाल
सड़कों पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग का असर केवल आमजन की आवाजाही पर ही नहीं पड़ रहा, बल्कि आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस जाती है। ऐसे में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद शहर में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
पार्किंग की व्यवस्था के बिना कैसे सुधरेगा यातायात
शहर में पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पहले जिन खाली स्थानों पर वाहन खड़े हो जाते थे, उनमें से कई जगहों पर निर्माण हो चुके हैं। इससे वाहन खड़े करने के विकल्प सीमित हो गए हैं। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के सामने वाहन खड़ा करने की समस्या रहती है। ऐसे में जरूरत है कि प्रशासन शहर में उपयुक्त स्थानों की पहचान कर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करे और सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करे।
वर्जन:
शहर में जल्द ही तीन या चार पार्किंग बनाई जानी है, उसके लिए प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। जल्द शहर वासियों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी।-बख्शी राम सैनी, अध्यक्ष, नगर परिषद