नगर परिषद वित्तीय कमेटी की बैठक में मौजूद चेयरमैन बक्शीराम सैनी, अधिकारी व पार्षद एवं सदस्य।
चरखी दादरी। चेयरमैन बक्शीराम सैनी के कार्यालय में सोमवार को नगर परिषद वित्तीय कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक गहमागहमी भरी रही और दो सदस्यों के विरोध के बावजूद 8 करोड़ के 22 विकास कार्य स्वीकृत किए गए। पार्षदों ने रजिस्टर में हस्ताक्षर करने से इन्कार कर दिया और उठकर बैठक कक्ष से बाहर चले गए।
बता दें कि सुबह करीब साढ़े 11 बजे बैठक शुरू हुई। बैठक में चेयरमैन बक्शीराम सैनी, वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट, ईओ व इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में ही पार्षद एवं वित्तीय कमेटी सदस्य मुनेश दहिया और जयसिंह लांबा ने एलईडी लाइटों का समान वितरण करने की मांग की। उन्होंने उनके वार्डाें की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेयरमैन बक्शीराम सैनी से जवाब मांगा। चेयरमैन ने कहा कि 2600 लाइटें आई हैं और पहले मुख्यमार्गाें पर लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके बाद वार्डाें का नंबर आएगा और अगर लाइटें कम पड़ गईं तो फिर से लाइटें खरीद ली जाएगी।
वहीं, इन दोनों पार्षदों ने वित्तीय कमेटी की बैठक में नए प्रस्ताव पास करने से इन्कार कर दिया। लेखाकार रविंद्र हुड्डा जब उनके हस्ताक्षर कराने पहुंचे तो उन्होंने रजिस्टर में पैन चलाने से भी इन्कार कर दिया। इसके बाद पार्षद मुनश दहिया और जयसिंह लांबा उठकर बाहर चले गए। वहीं, बाद में मीडिया से मुखातिब होते हुए चेयरमैन ने बताया कि वित्तीय कमेटी के 6 सदस्य होते हैं और दो के विरोध करने के बावजूद चार के जरिये करीब आठ करोड़ के 22 विकास कार्य पास किए गए हैं। जल्द ही इन कार्याें को सिरे चढ़ाया जाएगा।