चरखी दादरी। जिलेवासियाें को अभी 20 दिन और स्वच्छ एवं साफ नहरी पानी का इंतजार करना होगा। सिंचाई विभाग मानसून सीजन का समय 30 सितंबर तक मानता है। उसके बाद नहरी पानी की समयसारिणी नए सिरे से बनाई जाएगी। उसके बाद ही हेड से साफ पानी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो सकेगा।
इस समय सभी नहरों में बारिश का खेतों में भरा पानी डाला जा रहा है। नई समयसारिणी के बारे में स्थानीय स्तर के विभाग अधिकारी भी अंजान हैं। उनका तर्क है कि हेड ऑफिस की ओर से ही नई समयसारिणी तैयार की जाती है।
विज्ञापन
पुरानी समयसारिणी के अनुसार, जिले की नहरों में 24 दिन के बाद 16 दिन के लिए पानी छोड़ा जाता रहा है। नहरों में खेतों का पानी पिछले तीन माह से डाला जा रहा है। इस कारण जलघरों में पानी की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। यह पानी पीने लायक नहीं रहा है। विभाग के अधिकारी 14 अक्तूबर के आसपास साफ पानी मिलने की संभावना बता रहे हैं।
इस समय जिले की सभी नहरों में खेतों का पानी का डाला जा रहा है। धान के खेतों में तो किसानों ने अति मात्रा मेें यूरिया व डीएपी खाद डाल रखी है। धान, बाजरा, कपास व ज्वार के खेतों से पानी उठान कर नहरों में डाला जा रहा है।