संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। भिवानी के तालू निवासी एक महिला ने हड़ौदा कलां निवासी अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि हमले में उसकी बहन भी चोटिल हो गई। दोनों दादरी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
भिवानी के तालू गांव निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी शादी जून 2023 में हड़ौदा कलां गांव में हुई थी। करीब एक साल बाद उसके ससुराल वालों ने उसकी बहन के घर पहुंचकर उस पर अनर्गल आरोप लगाए। वह मायके में रह रही है।
महिला ने बताया कि शनिवार सुबह वह अपनी बहन के साथ अपनी ससुराल आई थी, लेकिन, उन्होंने उसे घर में नहीं घुसने दिया। बाद में पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां से रात को वह सीधे अपनी ससुराल पहुंच गई और जब उसने दरवाजा खोलना चाहा तो दोनों बहनों पर जेली व लाठी से हमला किया गया। इसमें वे चोटिल हो गईं। इसके बाद वे दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती हो गईं। खबर लिखे जाने तक उनके पुलिस बयान दर्ज नहीं हुए थे। संवाद