चरखी दादरी। जिले के राजकीय महाविद्यालयों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी अब काफी हद तक दूर हो गई है। हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से चयन प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने नवनियुक्त सहायक प्रोफेसरों को नियुक्ति देते हुए स्टेशन अलॉट कर दिए हैं।
जिसके तहत जिले के पांच राजकीय महाविद्यालयों में 18 सहायक प्रोफेसर्स को नियुक्ति दी गई है। स्टेशन अलॉट होने के तुरंत बाद नवनियुक्त सहायक प्रोफेसर्स ने संबंधित कॉलेजों में पहुंच कर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। इस नई नियुक्ति से आगामी सत्र में शैक्षणिक व्यवस्था में काफी सुधार होने की उम्मीद है।
भूगोल के नौ सहायक प्रोफेसर हैं शामिल : प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन 18 सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति अलग-अलग विषयों के लिए की गई है। इनमें सबसे ज्यादा भूगोल विषय के नौ सहायक प्रोफेसर शामिल हैं। इसके अलावा हिंदी विषय के तीन, इतिहास के दो और फिजिकल एजुकेशन के दो सहायक प्रोफेसरों को दादरी के कॉलेजों में नियुक्त किया गया है। वहीं पॉलिटिकल साइंस और कंप्यूटर साइंस विषय के लिए भी एक-एक सहायक प्रोफेसर को स्टेशन अलॉट किया गया है। इन सभी विषयों में शिक्षकों के पद खाली होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इस कमी को पूरा कर लिया गया है।
अभी प्रतिनियुक्ति के सहारे चलाया जा रहा था काम : गौरतलब है कि जिले के सरकारी कॉलेजों में स्टाफ की भारी कमी चल रही थी। इस वजह से कॉलेज प्रशासन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग द्वारा प्रतिनियुक्ति के सहारे जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा था। दूसरे कॉलेजों से अस्थायी तौर पर बुलाए गए शिक्षकों के भरोसे ही व्यवस्था टिकी हुई थी।
अब स्थाई तौर पर 18 सहायक प्रोफेसरों के मिलने से डेपुटेशन की इस व्यवस्था से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा और कॉलेजों में नियमित रूप से सुचारू कक्षाएं लग सकेंगी।