चरखी दादरी। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने बुधवार से आयुष्मान भव: अभियान का आगाज कर दिया है। इसके तहत दादरी जिले में 31 दिसंबर तक 16 स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों का लाभ पांच लाख 70 हजार लोग उठा सकेंगे। इनमें से ग्रामीण क्षेत्रों के 4.95 लाख और शहरी क्षेत्र के 75 हजार लोग शामिल हैं।
दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने सितंबर से दिसंबर तक लगाए जाने वाले स्वास्थ्य मेलों की रूपरेखा तैयार कर ली है। इन मेलों का आयोजन 55 हेल्थ वेलनेस सेंटर और 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जाएगा।
17 सितंबर को दादरी जिले में पहला स्वास्थ्य जांच मेला लगाया जाएगा। इसके बाद अन्य जगहों पर ये मेले लगाए जाएंगे। इन मेलों में मेडिकल ऑफिसर समेत आशा वर्कर्स, एएनएम, लैब टेक्नीशियन और कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर अपनी सेवाएं देंगे। इस दौरान यहां पहुंचने वाले लोगों की स्क्रीनिंग के साथ विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य टेस्ट भी किए जाएंगे।
इस संदर्भ में बुधवार को लघु सचिवालय में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलास्तरीय कार्यक्रम में जिला परिषद के चेयरमैन मनदीप डालावास ने मुख्य अतिथि और नगर परिषद के चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. जयेंद्र सिंह, सीईओ जिला परिषद प्रदीप कौशिक, सीएमओ डाॅ. जय किशोर, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, पीओ महिला विभाग गीता सहारण आदि भी मौजूद रहे। सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान आपके द्वार के तहत गांव, खंड व जिला स्तर पर आयुष्मान भारत चिरायु स्कीम के 1.80 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों के निशुल्क और 3 लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों से 1500 रुपये प्रति परिवार प्रति वर्ष लेकर स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएंगे। इसके अलावा गांव स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी।
आयुष्मान कार्ड बनाने में तीसरे स्थान पर चरखी दादरी
आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में चरखी दादरी प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर महेंद्रगढ़ और दूसरे स्थान पर भिवानी है। चरखी दादरी में कुल 2,18,523 आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। अब तक 1,74,753 पात्रों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं जबकि 43770 के आयुष्मान कार्ड बनने बाकी हैं। जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने की दर 73.28 प्रतिशत है।
आयुष्मान भव: कार्यक्रम से जुड़े आंकड़ों पर एक नजर
हेल्थ वेलनेस सेंटर-55
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र-12
गांवों की जनसंख्या- 4.95 लाख
शहर की आबादी-75000
कुल मेले लगेंगे-16
ये कर्मचारी देंगे सेवा
आशा वर्कर्स- 457
एएनएम-160
एलटी-8
सीएचओ-52
- 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा
सरकार के निर्देशानुसार दादरी जिले में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिले में नए आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ वितरण भी किया जाएगा। इसके अलावा रक्तदान व अंगदान शिविर समेत स्वच्छता पर आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।